संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने डीसी के माध्यम से हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें उठाईं। यह प्रदर्शन भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष आशीष धीमान व संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंदर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें जिला अध्यक्ष अमन कुमार सहित सभी ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने सरकार के प्रति रोष जताते हुए कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में कंप्यूटर ऑपरेटरों को मात्र छह हजार रुपये मासिक वेतन मिल रहा है, जिससे परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने मांग की कि सीपीएलओ की जिम्मेदारी पंचायत विभाग व शहरी सीपीएलओ की जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकाय को सौंपी जाए। साथ ही टेक्निकल पोस्ट के समान वेतनमान, सरकारी सुविधाएं, समय पर वेतन भुगतान तथा मार्च 2024 से मार्च 2025 तक के बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। प्रदर्शन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।