संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने छछरौली में रोष मार्च निकाला। साथ ही नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका।
मार्च छछरौली रेस्ट हाउस से शुरू होकर बस स्टैंड छछरौली, चौक नंबर एक, दो, व गनौली गेट होकर खेड़ा मंदिर वाली गली से वापस छछरौली बस स्टैंड चौक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका और नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हिंदुस्तान की धरती पर पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। यह आतंकी हमला भारत के ऊपर हमला है।
इसका दुश्मनों को कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघ चालक सुनील रोहिल्ला ने कहा पाकिस्तान अपने देश में फैली नाकामियों को अपनी जनता से छिपाने के लिए इस प्रकार के घृणित कार्य कर रहा है। पूर्व में भी भारत ने पाकिस्तान को कई युद्धों में हराया है, पर पाकिस्तान फिर भी नहीं मान रहा। इस बार लगता है कि पाकिस्तान का कोई पक्का इलाज किया जाना चाहिए, तभी वह मानेगा।
रोष मार्च व प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरक्षा समिति, मित्र फाउंडेशन, रुद्राक्ष वेलफेयर ट्रस्ट, प्रयास एक कोशिश, श्री मंदिर समिति, एकता समिति व अन्य सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक, शैक्षणिक संगठनों अशोक कुमार, सुनील रोहिल्ला, कपिल मनीष गर्ग, गौरव गोयल, गुलशन अरोड़ा, योगेश अग्रवाल, पलक अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, प्रदीप कश्यप जोनू, कल्याण सिंह, राम गोपाल वर्म, विशाल शर्मा, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।