साढौरा। अनाज मंडी में इस बार बड़ी संख्या में किसानों के फसल पंजीकरण का सत्यापन अब तक पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में किसानों के गेट पास नहीं कट रहे और फसल की खरीद नहीं हो रही। फसलों का सत्यापन न होने से मंडी में धान से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी हैं। किसान मंडी प्रशासन के चक्कर काट कर थक चुके हैं, पर उन्हें समाधान नहीं मिल रहा।
सरांवा के अवतार सिंह के अलावा सैदूपुर के प्रवीण, जगमाल, रोशन व जगदीश ने बताया कि उन्होंने पहले ही धान की फसल का पंजीकरण करा लिया था। जब मंडी में फसल लेकर जा रहे हैं तो मंडी गेट पर ही फसल पंजीकरण सत्यापन न होने के चलते गेट पास नहीं कट पाता। इसके चलते उनकी धान की बिक्री अटक गई है। एक किसान ने आठ एकड़ का पंजीकरण कराया था, लेकिन उसका सत्यापन केवल एक एकड़ का हुआ है। जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल संधू ने कहा कि जिस दिन से खरीद शुरू हुई है, उसी दिन से इस समस्या के बारे में वह मंडी के चक्कर काट रहे हैं। संवाद