शहर पुलिस ने एक प्लाईवुड फैक्टरी मालिक की शिकायत पर ट्रक चालक और
ट्रांसपोर्टर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की
गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापामारी शुरू कर दी है।
शहर पुलिस को
दी शिकायत में ग्रीन पार्क निवासी राजकुमार नैय्यन ने कहा कि उसकी और उसके
दोस्त सेक्टर-17 निवासी सुशील गुप्ता की परवालो गांव में डायमंड प्लाईवुड
के नाम से फैक्टरी है। दस दिसंबर को उन्होंने अग्रसेन चौक स्थित हेमकुंड
ट्रांसपोर्ट के संचालक मुकेश से रेवाड़ी में प्लाई बोर्ड भेजने के लिए ट्रक
मंगवाया था।
इसके बाद उसने ट्रक चालक सतबीर को ट्रक के साथ फैक्टरी में
भेज दिया। फैक्टरी से ट्रक में 971 प्लाईबोर्ड पीस (सात लाख 63 हजार 549
रुपये की प्लाई) लाद दिए गए। माल से भरा ट्रक जब फैक्टरी से निकला तो चालक
से कहा गया कि वह इस माल को रेवाड़ी स्थित दुआ प्लाईवुड में पहुंचा दें।
आरोप है कि ट्रक चालक तय समय पर रेवाड़ी माल लेकर नहीं पहुंचा। जब उन्होंने
इस संदर्भ में हेमकुंड ट्रांसपोर्ट के संचालक मुकेश कुमार से ट्रक और चालक
के बारे में जानकारी जुटानी चाही, तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
आरोप है कि ट्रक चालक ने ट्रांसपोर्ट संचालक के साथ मिलकर सामान को कहीं ओर
बेच दिया और सारे पैसे स्वयं ही हड़प लिए।
इसके बाद मामले की शिकायत शहर
पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकेश तथा सतबीर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की
जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी बुड़िया गेट चौकी प्रभारी जोगिंद्र सिंह का
कहना है कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को
काबू कर लिया जाएगा।