संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालयों में लगे समाधान शिविरों में अब तक कुल 164 शिकायतें आ चुकी हैं। इनमें से 44 का समाधान किया जा चुका है, जबकि 32 शिकायतें रिजेक्ट की गई हैं। लंबित शिकायतों की निगम अधिकारी जांच कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को निगम कार्यालय यमुनानगर में आयोजित समाधान शिविर में कुल सात शिकायतें पहुंचीं। समाधान के लिए अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
नगर निगम कार्यालय यमुनानगर में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने की। शिविर में प्रॉपर्टी आईडी संबंधित तीन, स्ट्रीट लाइट संबंधित दो, परिवार पहचान पत्र संबंधित एक व अवैध कब्जा हटवाने संबंधित एक शिकायत पहुंची। उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने एक-एक शिकायत को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनकी जांच कर जल्द निवारण करने के आदेश दिए।
इसी तरह जगाधरी स्थित नगर निगम कार्यालय में एक्सईएन विकास धीमान व कार्यालय अधीक्षक प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर लगाया गया। यहां कोई फरियादी नहीं आया। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द उनका निवारण करें।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्या की लिखित में लेकर आए। निगम कार्यालयों में समाधान शिविर सुबह नौ बजे से 11 बजे तक लगाया जा रहा है। शिविोंर में समस्या का त्वरित समाधान हो रहा है। इस मौके पर एक्सईएन सुखविंदर सिंह, एटीपी आशीष, जेडटीओ अजय वालिया, जेडटीओ जितेंद्र मल्होत्रा, एमई कुलदीप यादव, एमई राजेश कुमार, सीएसआई सुनील दत्त, रघुवीर सिंह, बीआई नरेश दहिया आदि मौजूद रहे।