खंड के गांव बहादुरपुर में कंबाइन मशीन की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत हो गई। पंजाब के संगरूर निवासी केवल सिंह कंबाइन ऑपरेटर का काम करता था। शनिवार को बहादुरपुर गांव में एक किसान की धान की फसल की कटाई करते वक्त पांव फिसलने से कंबाइन मशीन के टायर के नीचे आ गया। पड़ोस के खेतों में काम करने वाले मजदूरों ने केवल सिंह को निकाल कर सरकारी अस्पताल प्रतापनगर में भर्ती कराया। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सेंटर यमुनानगर में रखवा कर परिजनों को सूचना दी।
थाना प्रभारी प्रतापनगर पृथ्वी सिंह ने बताया कि गांव बहादुरपुर में कंबाइन हार्वेस्टर मशीन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।