संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रदेश सरकार की ओर से आम बजट-2025 को लेकर ऑनलाइन सुझाव मांगे गए हैं। कोई भी नागरिक ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश सरकार के आम बजट को लेकर सुझाव दे सकता है।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र फरवरी में प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार द्वारा बजट में आमजन की भागीदारी को बढ़ाने के लिए इस बार नई पहल की है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति बजट को लेकर वित्त विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपने सुझाव दे सकेगा।
सुझाव के लिए बाकायदा क्षेत्रवार जरूरतों के अनुसार आर्थिक, इन्फ्रास्ट्रक्चर व सामाजिक तीन प्रमुख श्रेणियां बनाई गई हैं। इनके तहत सामाजिक कल्याण, पुलिस, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य, मेडिकल हेल्थ एवं रिसर्च, महिला एवं बाल विकास आदि विषयों पर नागरिक द्वारा सुझाव दिए जा सकेंगे।
प्रदेश सरकार के आम बजट-2025 को लेकर सुझाव देने के लिए वित्त विभाग की वेबसाइट एफआईएनएचआरवाई डॉट जीओवी डॉट इन पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। इस पर निर्धारित कॉलम में अपना नाम व मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा। ओटीपी सत्यापन होने पर आर्थिक क्षेत्र की तीन श्रेणियों में से किसी एक का चयन कर सब कैटेगरी चुननी होगी। इसके बाद निर्धारित बॉक्स में सौ शब्दों के अंदर अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं।