संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। वन विभाग के कर्मचारियों ने गश्त के दौरान दो खैर तस्करों को पकड़ लिया। पकड़े गए तस्करों ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की। हाथापाई में वन विभाग का कर्मचारी और रखवाला घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतापनगर पुलिस को दी शिकायत में प्रतापनगर ब्लॉक के इंचार्ज संदीप ने बताया कि वनरक्षक टेकचंद और रखवाला सुरेंद्र के साथ अराइयांवाला के जंगल में गश्त पर थे। इसी दौरान उनको जंगल से पेड़ काटने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो दो तस्कर खैर के टुकड़े बना रहे थे। उन्हें देखकर तस्कर भागने लगे। ब्लॉक इंचार्ज वन रक्षक और रखवाले ने उनको पकड़ लिया। जिनमें से एक तस्कर उनके साथ हाथापाई करके भाग गया।
वहीं वनरक्षक टेकचंद और रखवाला सुरेंद्र घायल हो गए। पकड़े गए तस्कर की पहचान टिबड़ियों निवासी इकराम और भागने वाले का नाम इसरार के रूप में हुई। पुलिस को दी शिकायत में ब्लॉक इंचार्ज संदीप ने बताया कि मौके से खैर की तीन मुंडिया और पांच टुकड़े और आर पत्ती बरामद हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वन एवं वन्य प्राणी अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।