महिला एक और चार बीएड कॉलेजों में लेक्चरर नियुक्त, सुनने में थोड़ा अजीब लगेगा। लेकिन यह सच है। महिला की सभी जगहों पर हाजिरी लग रही है और बकायदा उसे कॉलेजों द्वारा वेतन भी जारी किया जा रहा है। आरटीआई से यह खुलासा हुआ है।
शहर की राजेश कालोनी निवासी भावेश अग्रवाल ने अपनी पत्नी ज्योति गुप्ता के खिलाफ यह जानकारी जुटाई है। फिलहाल शहर पुलिस ने न्यायाधीश विजय जेम्स के आदेश तथा भावेश अग्रवाल की शिकायत पर उसकी पत्नी राजेश कॉलोनी निवासी ज्योति गुप्ता, साली अहमदगढ़ जिला लुधियाना निवासी भारती (ज्योति की बहन) सहित पांच कॉलेजों के प्रिंसिपल, चेयरमैन तथा प्रेजीडेंट के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर पुलिस को दी शिकायत में भावेश अग्रवाल ने कहा कि उसकी पत्नी जगाधरी स्थित एक निजी बीएड कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त है। कुछ महीने पहले उसे पता चला कि ज्योति शहर के अलावा महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक से संबंधित एक बीएड कॉलेज, हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला से संबंधित एक बीएड कॉलेज तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबंधित दो बीएड कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। इसके उपरांत उसने अप्रैल-मई महीने में उपरोक्त यूनिवर्सिटीज से आरटीआई के तहत जानकारी मांगी कि ज्योति गुप्ता किस-किस कॉलेज में नियुक्त है। आरटीआई के तहत उसने अपनी पत्नी का बीएड कॉलेजों द्वारा लिए गए इंटरव्यू, नियुक्ति पत्र, सेलरी, हाजिरी रजिस्टर संबंधित जानकारी के अलावा अन्य जानकारी मांगी। जब उपरोक्त जानकारी उसे मिलीं, तो वह भौचक्का रह गया।
इन जगहों पर नियुक्त है ज्योति
भावेश अग्रवाल ने बताया की आरटीआई से खुलासा हुआ है कि उसकी पत्नी ज्योति जगाधरी के एक बीएड कॉलेज के अलावा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबंधित हिसार स्थित एक अन्य बीएड कॉलेज में भी नियुक्त है। इसके अलावा वह एमडीयू यूनिवर्सिटी से संबंधित एक बीएड कॉलेजों में भी नियुक्त है, जो कि कलानौर में हैं। जबकि वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबंधित संजौली स्थित एक बीएड कॉलेज में भी प्राध्यापिका है। भावेश के मुताबिक उसने वर्ष 2012-13 से लेकर अब तक की जानकारी मांगी हुई है। जिससे यह खुलासा हुआ है। भावेश के मुताबिक जयपुर से बीएड कॉलेजों की इंस्पेक्शन आई टीम को उपरोक्त कॉलेजों से स्टाफ संबंधित जो फोटो दी है, उनमें ज्योति भी शामिल है।
साली के खिलाफ भी केस दर्ज
भावेश अग्रवाल ने बताया कि जब उसने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से आरटीआई में जगाधरी स्थित बीएड कॉलेज में नियुक्त अपनी पत्नी के संदर्भ में जानकारी ली, तो उन्होंने नियुक्त टीचर्स की लिस्ट थमा दी, उसमें उसकी साली भारती का भी नाम था। जो कि बीएड कॉलेज में सोशल स्टडी की लेक्चरर नियुक्त थी। जांच के दौरान उसे पता चला कि फिलहाल भारती लुधियाना स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ा रही है। उसी समय में वह जगाधरी के एक बीएड कॉलेज में सोशल स्टडी की लेक्चरर नियुक्त है।
इनके खिलाफ हुआ केस दर्ज
शहर पुलिस ने कोर्ट के आदेश तथा भावेश अग्रवाल की शिकायत पर उसकी पत्नी ज्योति गुप्ता, साली भारती, जगाधरी बीएड कॉलेज के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, प्रिंसिपल विनोद कुमार, संजौली शिमला स्थित बीएड कॉलेज के प्रेजीडेंट/चेयरमैन डा. आरके शांडिल, प्रिंसिपल डा. मनोज कुमार, कलानौर स्थित बीएड कॉलेज के प्रेजीडेंट श्रीराम किशन, प्रिंसिपल आचार्य यशपाल, उमरा (हिसार ) स्थित बीएड कॉलेज के प्रेजीडेंट संदीप मलिक व प्रिंसिपल डा. नरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है।