छछरौली के उर्जनी स्थित श्रीराम कॉलेज में रोल नंबर न देने पर भड़के छात्रों ने कॉलेज गेट पर प्रदर्शन किया। करीब दो दर्जन विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। उधर, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि फीस क्लीयर न होने के कारण विद्यार्थियों को रोल नंबर नहीं दिए गए। वह समय रहते फीस क्लीयर करते हैं, तो उन्हें रोल नंबर दे दिए जाएंगे।
कॉलेज छात्र शकील, आशु, नजमा, इक्तियार, शशि, हाकिब, आसिफ, रिहान, जाहिद, वलीम, इरशाद, दिनेश, अजय, परवाज, इरफान ने बताया कि सोमवार से परीक्षा शुरू हो रही है, लेकिन ऐन वक्त पर कॉलेज ने उन्हें रोल नंबर देने से इंकार कर दिया है।
शुक्रवार को भी सारा दिन कॉलेज में बैठकर रोल नंबर मिलने का इंतजार करते रहे। कॉलेज में दो अध्यापक सुबह से शाम तक रहे, किंतु उन्हें रोल नंबर नहीं दिए गए। इससे नाराज होकर छात्रों को कॉलेज गेट पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। पीड़ित छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से जुड़े लोगों से फोन पर बात करनी चाही, लेकिन किसी ने ठोस जवाब नहीं दिया। रोल नंबर न मिलने पर गुस्साए छात्र शाम तक कॉलेज गेट पर ही डटे रहे और मीटिंग कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया।
आश्वासन के बाद नहीं लगीं क्लासे न मिला रोल नंबर
कॉलेज छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन व छात्रों के बीच 29 अक्तूबर को भी कॉलेज की खामियों को लेकर पंचायत हुई थी। इसमें थाना छछरौली प्रभारी की मौजूदगी में कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन और लिखित में शपथ पत्र भी दिया था। छात्रों का आरोप है कि इसके दो दिन बाद न तो कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के लिए क्लासें लगाई और न ही उनको रोल नंबर दिए। छात्रों के अनुसार उनको पिछले कई दिनों से रोल नंबर देने के के लिए कॉलेज बुलाया जाता है, लेकिन यहां आने वाले दो अध्यापक उन्हें रोल नंबर दिए बगैर वापस लौटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उनके पास एक दिन बचा है और सोमवार को उनकी परीक्षा है। अगर रोल नंबर नहीं मिले तो करीब पचास छात्र परीक्षा देने से वंचित रह जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की फीस क्लीयर नहीं है, इसलिए उन्हें रोल नंबर नहीं मिले। अगर समय रहते विद्यार्थी फीस क्लीयर कर देते हैं, तो उन्हें रोल नंबर दे दिए जाएंगे।
डॉ. महेश शर्मा, चेयरमैन, श्रीराम कॉलेज, छछरौली।