संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिलास्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए युवाओं को एक और मिला है। विभाग ने महोत्सव के लिए पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है। पहले महोत्सव में भाग लेने के लिए पांच नवंबर तक पंजीकरण की अंतिम तिथि रखी गई थी। परंतु अब विभाग ने इसे बढ़ाकर 12 नवंबर कर दिया है। इसके लिए अभ्यर्थी राजकीय आईटीआई में पहुंचकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
केंद्र सरकार की ओर से स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इसके लिए केंद्र मंत्रालय की ओर से युवा महोत्सव करवाया जा रहा है। महोत्सव केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से करवाया जा रहा है। जिला विजेता प्रदेश और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। इस प्रतियोगिता में जिले के 15 से 29 वर्ष तक के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर यह युवा महोत्सव स्वामी विवेकानंद की जयंती यानी राष्ट्रीय युवा दिवस पर होगा। चार दिवसीय महोत्सव 12 से 16 जनवरी तक राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाएगा। इसके लिए जिलास्तर पर भी युवा महोत्सव करवाया जाएगा। जिलास्तर पर यह महोत्सव 21 व 22 नवंबर को करवाया जाएगा।
महोत्सव में आईटीआई के अलावा सभी यूजी, पीजी कॉलेज, प्रबंधन एवं तकनीकी संस्थान, इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेज, बहुतकनीकी संस्थान के विद्यार्थी भी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा नौकरी पेशा, व्यवसाय व अन्य क्षेत्रों में कार्यरत 15 से 29 वर्ष के युवा भाग ले सकते हैं। महोत्सव में कुल दस विधाओं को शामिल किया गया है।
इसमें समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, समूह लोक गीत, एकल लोक गीत, कहानी लेखन, कविता पाठ, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, विज्ञान मेला शामिल है। जिलास्तर पर महोत्सव करवाने को लेकर कमेटी बनाई गई है, जो इससे संबंधित निर्णय लेगी।
आईटीआई में किया जा रहा पंजीकरण
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के रोजगार अधिकारी पवन कांबोज ने बताया कि जिलास्तरीय महोत्सव 21 व 22 नवंबर को करवाया जाएगा। महोत्सव में जिले के शहरी क्षेत्र के अलावा गांव सहित पार्श्व कलाकार भी पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड की कॉपी, बैंक पासबुक की कापी, आईएफएससी कोड व पासपोर्ट साइज फोटो के साथ फार्म भर कर जमा करवाना होगा। पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर 12 नवंबर कर दी गई है।