यमुनानगर। प्लाई बोर्ड से भरे ट्रक को चार युवकों ने ट्रक अड्डे के पास रोककर उसे छुड़ाने के लिए ट्रांसपोर्टर से एक लाख रुपये की मांग की है। ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि आरोपियों ने उसे गाड़ी चलाने के नाम पर 50 हजार रुपये मंथली मांगी। न देने पर आरोपियों ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर शहर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की अमर विहार कॉलोनी निवासी सुभाष चंद्र ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। शुक्रवार को उसने सबीलपुर जटान निवासी रजत उर्फ काला की गाड़ी किराए पर ली थी। उस गाड़ी में बाड़ी माजरा सुभाष शा मील फैक्टरी से प्लाई लोड करवाई थी और गाड़ी को लोड कराकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया था। जब उसकी गाड़ी सहारनपुर कुरुक्षेत्र रोड पर ट्रक अड्डा के पास पहुंची तो एक स्कॉर्पियो कार सवार चार व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी कार अड़ाकर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने चालक रजत से गाड़ी व उसमें लोड प्लाई बोर्ड के दस्तावेज ले लिए।
बदमाशों ने चालक रजत के फोन से उसके पास फोन किया। बदमाश ने उससे कहा कि मैं गामा बोल रहा हूं। मेरे साथ शामा, राजू और श्रवण भी है। हमने तेरी गाड़ी रोक ली है। जब तक तू हमें 50 हजार रुपये महीना नहीं देता, हम तेरी गाड़ी नहीं चलने देंगे। अगर अपनी गाड़ी माल के साथ छुड़वानी है तो हमारे पास अभी एक लाख रुपये पहुंचा दे। नहीं तो हम तुझे न तो काम करने देंगे और न ही यह गाड़ी माल के साथ मिलेगी। आरोपी ने उसे धमकी दी कि हमने पहले भी शहर में मर्डर कर रखा है। हमारा पहले भी कुछ नहीं बिगड़ा और न अब तू कुछ बिगाड़ सकता है। आरोपी ने इस दौरान उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी व उसके भाई उसे जान से मारने की धमकी दे चुके है। आरोपी गामा व उसके भाई उससे जबरदस्ती ट्रांसपोर्ट का काम करने की एवज में जबरदस्ती पैसे वसूली मांग रहे है। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी एसआई अनिल कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर उन्होंने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।