रादौर। कस्बे के तीन अलग-अलग स्थान पर हुई सड़क दुघर्टनाओं में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसको चंडीगढ़ पीजीआई भरती कराया गया है। रादौर पुलिस ने सभी मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रादौर की पटाक माजरी निवासी युवक सुखदेव (27) वीरवार रात्रि बाइक से अनाज मंडी से जा रहा था।
इस दौरान अचानक उसकी स्लिप हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं वीरवार रात्रि एक कैंटर चालक ने एक रेहड़े वाले को टक्कर मार दी। इस हादसे में रेहड़ा चालक पूर्ण चंद निवासी छोटाबांस गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
पूर्णचंद को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे गंभीर अवस्था के कारण यमुनानगर रैफर कर दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे वहां से भी चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक पूर्णचंद की हालत गंभीर बताई जा रही थी। वहीं एक अन्य मामले में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे त्रिवेणी चौक पर दो बाइक की आमने सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।