छछरौली। वन विभाग की टीम ने नाकाबंदी कर खैर से भरी एक महिंद्र पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया है। गाड़ी से 25 खैर के पीस बरामद किए गए हैं, जबकि मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है, वहीं भागे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छछरौली रेंज अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि फतेहगढ़ खोल जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से करीब आठ खैर के पेड़ काटे जाने की सूचना विभाग को मिली थी। इसी आधार पर सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया। बाद में यह इनपुट मिला कि कटे हुए खैर के पेड़ों को पिकअप गाड़ी में भरकर बेचने के लिए ले जाया जाएगा। सूचना के सत्यापन के बाद वन विभाग की टीम ने कोट बसावा सिंह के पास नाकाबंदी की।
कुछ ही देर बाद एक महिंद्र पिकअप गाड़ी मौके पर पहुंची। जब कर्मचारियों ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो चालक ने रुकने की बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और नाकाबंदी कर रहे कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। स्थिति को भांपते हुए वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को घेरकर रोक लिया। इस दौरान गाड़ी में सवार तीन-चार आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गए, जबकि एक आरोपी को टीम ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास निवासी कोट गांव के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।