संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राशन डिपो पर लोगों को दिए जाने वाले गेहूं में लगातार कटौती की जा रही है। जनवरी में जहां कार्डधारकों को आधा गेहूं और आधा बाजरा दिया गया, वहीं फरवरी में बीपीएल कार्ड के प्रत्येक सदस्य को मात्र डेढ़ किलोग्राम और एएवाई परिवार को 15 किलोग्राम गेहूं दिया जाएगा। गेहूं में की गई कटौती के बदले लोगों को बाकी का बाजरा ही दिया जाएगा।
सरकार इसी अनुपात में ही फरवरी माह में डिपो पर बाजरा व गेहूं की आपूर्ति करेगी। इस संबंध में मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को पत्र जारी कर दिया गया है। डिपो पर कम गेहूं पहुंचने से इस बार लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि हजारों परिवार ऐसे हैं जो डिपो से मिलने वाले राशन पर ही निर्भर हैं। ऐसे में उन्हें परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो सकता है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश में बीपीएल कार्ड धारक के प्रत्येक सदस्य को पांच किलोग्राम व एएवाई कार्ड पर 35 किलोग्राम गेहूं दिया जाता है। जनवरी माह में लोगों को पांच किलोग्राम गेहूं में से ढाई किलो बाजरा व ढाई किलो ही गेहूं दिया गया। वहीं जिन्हें 35 किलोग्राम गेहूं मिलता है उन्हें 17.50 किलोग्राम गेहूं व इतना ही बाजरा दिया गया। इसके बावजूद जिले में 30 प्रतिशत गेहूं कम भेजा गया। जिस कारण कई लोगों को गेहूं नहीं मिल पाया और उन्हें केवल बाजरा ही दिया गया।
अब फरवरी माह के लिए जो आदेश जारी हुए हैं उसके अनुसार बीपीएल कार्ड पर प्रत्येक सदस्य को डेढ़ किलोग्राम गेहूं व 3.50 किलोग्राम बाजरा दिया जाएगा। वहीं एएवाई कार्ड धारक को 15 किलाे गेहूं व 20 किलो बाजरा दिया जाएगा। वितरण के लिए विभाग की ओर से प्रदेश में सभी डिपो पर 645246 क्विंटल बाजरा व 322499 क्विंटल गेहूं भेजा जाएगा। इसमें से यमुनानगर में 33383 क्विंटल बाजरा व 16923 क्विंटल गेहूं का वितरण होगा। प्रदेश में 306012 एएवाई कार्ड हैं जिनमें 1059265 सदस्य और बीपीएल के 4180942 कार्ड हैं जिनमें 16884780 सदस्य हैं। यमुनानगर की बात करें तो 14524 एएवाई कार्ड में 46836 सदस्य और 215281 बीपीएल कार्ड में 875314 सदस्य हैं।
डिपो पर झगड़ा करते हैं लोग : सुशील मित्तल
राशन डिपो एसोसिएशन के जिला प्रधान सुशील मित्तल का कहना है कि सरकार की ओर से गेहूं में लगातार की जा रही कटौती से डिपो संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। जनवरी में काफी लोगों को गेहूं नहीं मिला जिन्हें केवल बाजरा ही दिया गया। अब फरवरी में आधा गेहूं भी नहीं दिया जाएगा। लोग गेहूं नहीं मिलने पर डिपो संचालकों से झगड़ा करते हैं। लोग आरोप लगाते हैं कि डिपो संचालक जानबूझ कर उन्हें गेहूं नहीं दे रहे।
जो आदेश आए हैं उसके अनुसार ही वितरण होगा : अशोक शर्मा
डीएफएससी अशोक शर्मा का कहना है कि फरवरी में बीपीएल कार्ड के प्रत्येक सदस्य को डेढ़ किलो गेहूं व साढ़े तीन किलो बाजरा और एएवाई कार्ड पर 15 किलो गेहूं व 20 किलो बाजरा दिया जाएगा। जो आदेश आए हैं उसके अनुसार ही डिपो पर गेहूं व बाजरा भेजा जा रहा है।