संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में मंगलवार को भी भगवान विश्वकर्मा दिवस, गोवर्धन पूजन पर्व धूमधाम व श्रद्धा से मनाया गया। इस दौरान जिले की सभी फैक्टरियां, कारखाने, मिस्त्री की दुकान, फर्नीचर की दुकान व शोरूम सहित तमाम औजारों से किए जाने वाले काम बंद रहे। हालांकि कुछ स्थानों पर लोगों ने सोमवार को यह पर्व मनाया था।
वहीं मंगलवार को भी मिस्त्रियों व कारीगरों ने औजारों व भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। इसी तरह लोगों ने घरों व प्रतिष्ठानों पर भगवान गोवर्धन की गाय के गोबर से प्रतिमा बनाकर पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि मांगी। इस बार अमावस तिथि डेढ दिन रहने के कारण ऐसा हुआ है।
कार्तिक मास की प्रतिपदा सोमवार दोपहर से शुरू होकर मंगलवार तक रही। ऐसे में कुछ लोगों ने मंगलवार को भाईदूज का पर्व भी मनाया और बुधवार को दूज होने के कारण आज भी यह पर्व मनाया जाएगा। मंगलवार को कारखानों, मिस्त्री की दुकानों के अलावा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी औजारों की पूजा की गई। वहीं, जगह-जगह भंडारे लगाए गए।
विश्वकर्मा दिवस पर औजारों से काम करने वाले तमाम कारीगरों व मिस्त्रियों ने शहर सहित दुकानें बंद रखीं। मिस्त्रियों व कारीगरों ने सुबह दुकानों व कारखानों पर पहुंचकर सफाई की। उन्होंने अपने औजार व उपकरण पेट्रोल व अन्य तेल से साफ कर चमकाए। कारीगरों ने औजार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष रखकर धूप-दीप प्रज्वलित कर पूजा की। इसके बाद मंदिर में भंडारा लगाया। वाहन मिस्त्री बिट्टू, कुलदीप, राजबीर, मनीष ने बताया कि इस दिन भगवान विश्वकर्मा व औजारों की पूजा का विधान है। इन औजारों से ही एक कारीगर का घर चलता है। पुराणों के अनुसार सृष्टि के संचालन के बाद भगवान ब्रह्मा ने विश्वकर्मा जी को इसके निर्माण का दायित्व सौंपा था।
बिजली कर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा
रादौर। बिजली निगम कर्मचारियों की ओर से मंगलवार को विश्वकर्मा दिवस मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सभी कर्मचारियों के लिए सुख शांति की कामना की।
एसएससी राजेश कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा दिवस पर हर वर्ष कर्मचारी भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना कर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर प्रार्थना करते है। इससे सभी बिजली कर्मचारी सुरक्षित रहें। भगवान विश्वकर्मा सभी के दु:ख हरने वाले है। उन्होंने बताया कि देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा ने सभी देवताओ के लिए अस्त्र शस्त्रों व रथों का निर्माण किया है।
इस दिन सभी दुकानदार, मिस्त्री, इंजीनियरर्स सहित अन्य लोग औजारों की सफाई करते है और इस दिन कोई भी औजारों से काम नहीं करता है। इस दौरान जेई सतपाल, जेई राजेश कुमार, जेई सुरजीत सिंह, संदीप राणा, अश्विनी शर्मा, सुखविंद्र कुमार, पवन सैनी, पवन धीमान, मनीष कुमार, गौरव कुमार, धर्मेंद्र, धर्मपाल सहित अन्य मौजूद रहे।
रादौर में विश्वकर्मा दिवस पर भंडारा ग्रहण करते लोग। संस्था