यमुनानगर। घर के बाहर खड़े होकर गालियां देने से मना करने पर चार युवकों ने थर्मल पावर प्लांट के लेखाधिकारी व उसकी पत्नी पर नुकीले हथियार से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने लेखाधिकारी के सिर में नुकीले हथियार से वारकर लहूलुहान कर दिया। घटना रामपुरा कॉलोनी की है। पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते हुए दो अन्य पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
रामपुरा कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह थर्मल पावर प्लांट में लेखाधिकारी के पद पर नौकरी करता है। बुधवार रात करीब नौ बजे वह अपने घर पर था। उसी समय उसके घर के बाहर जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी व गोल्डी व उसके दो साथी खड़े हुए गालियां निकाल रहे थे। जब उसकी पत्नी किरण शर्मा ने उन्हें घर से बाहर आकर गालियां देने से मना किया तो आरोपियों ने उसकी पत्नी को भी गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी को थप्पड़ मारते हुए उनके घर में घुस गए। इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर में कोई नुकीला लोहे का हथियार मारा। जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। आरोपियों ने उसे व उसकी पत्नी से मारपीट की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह व गोल्डी को नामजद करते हुए दो अन्य पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।