यमुनानगर। प्रोफेशनल बॉक्सिंग में जिले के उभरते सितारे नीरज गोयत ने अब ओलंपिक की उम्मीद जगाई है। कॉमनवेल्थ गेम्स (2008) में ब्रांज मेडल जीत चुके नीरज वेनेजुऐला में होने वाले प्रो आइबा ओलंपिक क्वालीफायर मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। प्रो-आइबा बॉक्सिंग द्वारा तीन से आठ जुलाई तक कराए जा रहे मुकाबलों में 25 वर्षीय नीरज 69 किलोग्राम भारवर्ग में हिस्सा ले रहे हैं। इसमें क्वालीफाई होते ही नीरज का सीधे अगस्त में होने वाले रियो ओलंपिक का टिकट पक्का हो जाएगा।
प्रोफेशनल बाक्सरों में से शिव थापा, मनोज कुमार और विकास पहले ही अलग-अलग भार वर्ग में क्वालीफाई कर चुके हैं। जबकि यमुनानगर के हुडा सेक्टर-15 निवासी नीरज गोयत 69 किलोभाग वर्ग में क्वालीफाई करने की दौड़ में हैं। 3 से 8 जुलाई तक वेनेजुऐला में होने जा रहे प्रो-आइबा ओलंपिक क्वालीफायर राउंड को लेकर घर पर खुशी का माहौल है। पिता जोगिंद्र सिंह व माता कमला देवी व छोटे भाई कुनाल गोयत नीरज की कामयाबी की दुआ कर रहे हैं।
लंदन ओलंपिक के ट्रायल में असफल होने पर प्रोफेशनल बॉक्सिंग में बढ़ाया कदम-
यमुनानगर के सरकारी बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नीरज ने लंदन ओलंपिक-2012 के ट्रायल में असफल होने पर प्रोफेशनल बॉक्सिंग की ओर कदम बढ़ाया। किसी भारतीय द्वारा प्रोफेशनल बॉक्सिंग में अभी तक सबसे अधिक ग्यारह बार खेलने का रिकॉर्ड नीरज के नाम ही है। प्रो बॉक्सिंग इंडिया के सेक्रेटरी ने बताया कि र्स्पोटस ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) के खर्चे पर इन मुकाबलों के लिए जा रहा है।
कोमनवेल्थ में पाया ब्रांज, एशियन चैंपियनशिप की अपने नाम:
नीरज गोयत प्रोफेशनल बॉक्सिंग से पहले कॉमनवेल्थ गेम्स (2008) में ब्रांज मेडल जीत चुके हैं। इसके अलावा प्रोफेशनल बॉक्सिंग के भारत समेत दूसरे देशों में हुए कई टूर्नामेंट में कामयाबी हासिल की। इनमें मुख्य रूप से 20 मई 2015 में दिल्ली में हुए प्रो-बॉक्सिंग चैंपियंस फाइट नाइट मुकाबले जीतकर एशियन चैंपियनशिप अपने नाम की। इसके अलावा जून 2015 में कोरिया के इंचिऑन में एसबीएस स्पोट्र्स द्वारा कराए प्रोफेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में जीत पाई।