यमुनानगर। जिले में सड़क हादसों और यातायात संबंधी समस्याओं के संबंध में बार-बार बैठकें होने के बाद जिम्मेदार विभागों के अधिकारी धरातल पर समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए जिला सचिवालय में बुधवार को आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में एडीसी नवीन आहूजा और एसपी कमलदीप गोयल ने खुद सड़क पर उतरकर खामियां तलाशने का निर्णय लिया है।
अगले सप्ताह अधिकारियों की संयुक्त टीम जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर महाराजा अग्रसेन चौक से समता योग आश्रम तक निरीक्षण करेगी। टीम में एसडीएम, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, यातायात पुलिस और सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य शामिल रहेंगे। इस मार्ग पर पिछले माह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई थी। इसके दो दिन बाद एक बुजुर्ग को डंपर ने कुचल दिया था। इसके अलावा हाईवे के दोनों तरफ व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं।
दोनों तरफ ट्रकों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप भी खुली हुई हैं। ऐसे में यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बैठक में डीटीओ हरजीत कौर और एडीटीओ गुरप्रीत संधू ने विभिन्न विभागों की ओर से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी नवीन आहूजा ने कहा कि शहर में ज्यादातर ट्रैफिक लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। नगर निगम के एक्सईएन मनदेव सिंह ने बताया कि ट्रैफिक लाइटों के लिए पांच बार निविदा लगाई जा चुकी है। एजेंसी तय हो गई है, लेकिन रेट का टेंडर खुलना बाकी है। इस पर एडीसी ने कहा कि जब तक नई लाइटें नहीं लगतीं, तब तक पुरानी खराब लाइटों को ही ठीक करवाया जाए।
बस स्टैंड यमुनानगर से महाराणा प्रताप चौक तक लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। एडीसी ने कहा कि श्मशान घाट के नजदीक दुकानदारों ने सड़क पर सामान फैला रखा है। कई दुकानों के बाहर दुकान से भी ज्यादा सामान सड़क पर दिखाई देता है। इससे यातायात बाधित होता है। एक्सईएन ने बताया कि कई बार अतिक्रमण हटाया गया है। एडीसी ने कार्रवाई के फोटो मांगे, लेकिन फोटो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। संवाद