संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहरवासी गली, नाली, सफाई, प्रॉपर्टी आईडी, स्ट्रीट लाइट समेत निगम संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत समाधान शिविर में कर सकते हैं। शिकायतों का समय पर समाधान किया जाएगा। यह बातें अतिरिक्त निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में निगम संबंधित हर समस्या का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समाधान करें।
उन्होंने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में लगे समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में अधिकतर लोग प्रॉपर्टी आईडी में नाम, मोबाइल नंबर, एरिया, प्रॉपर्टी सही कराने को लगाई आपत्तियां व अन्य समस्याएं लेकर आए। इसके अलावा कुछ लोग परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाली हर शिकायत का समय पर निपटान हो, इसके लिए अधिकारी हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर उसका निपटान करें। इस अवसर पर जेडटीओ अजय वालिया, एसडीओ राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।