संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सरकार की ओर से चलाई जा रही प्रॉपर्टी टैक्स पर शत-प्रतिशत ब्याज माफी योजना का लाभ उठाने के लिए रविवार को छुट्टी के दिन भी नगर निगम कार्यालयों में टैक्स जमा कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रॉपटी मालिकों ने ब्याज माफी का लाभ उठाया और बिना ब्याज दिये अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया।
नगर निगम ने आमजन की सुविधा के लिए सोमवार को संत कबीर जयंती की छुट्टी के बाद भी निगम कार्यालय और नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) खुले रख कर टैक्स जमा करने का निर्णय लिया है। मेयर सुमन बहमनी ने कुछ दिन पहले ही आम नागरिकों के लिए ब्याज माफी योजना का लाभ दिलाने को लेकर शनिवार, रविवार और सोमवार को छुट्टी के बावजूद तीनों निगम कार्यालय खुले रखने के आदेश जारी किए थे। इस पर रविवार को भी आम दिनों की तरह नगर निगम कार्यालय और नागरिक सुविधा केंद्र खुले रहे। कार्यालयों में प्रॉपर्टी आईडी आपत्तियां दूर करने और टैक्स जमा करने का कार्य किया गया। रविवार को सुबह से ही नगर निगम के नागरिक सुविधा केंद्रों पर टोकन लेने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स धारकों की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं।
जिन प्रॉपर्टी धारकों की प्रॉपर्टी आईडी में कोई त्रुटि या कमियां थीं, उन्हें दूर करने का कार्य भी आम दिनों की तरह सुचारू रूप से चलता रहा। मेयर ने बताया कि सरकार की एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी योजना की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है।
नागरिकों का नुकसान न हो और वे इस सुनहरे अवसर से वंचित न रह जाएं, इसलिए नगर निगम ने शनिवार, रविवार व सोमवार को भी कार्यालय खोलने का विशेष निर्णय लिया है। 30 जून की समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी और नियमानुसार पूरे ब्याज समेत टैक्स की वसूली की जाएगी।