आवारा कुत्तों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद। प्रवक्ता
यमुनानगर। रोजाना शहर के लोगों को अपना शिकार बनाने वाले लावारिस कुत्तों संबंधित शिकायतों के बाद नगर निगम अफसर जाग गए। लोगों को इनसे छुटकारा दिलाने के लिए वीरवार को नगरनिगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कहां और कैसे लावारिस कुत्तों को पकड़ना है के बारे में योजना तैयार की गई। दो-तीन में यह कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं, बैठक में आयुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को एंटी रैबिज वैक्सीन, नसबंदी व टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी करने और निगम अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7082410824 के साइन बोर्ड व होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए।
प्रक्रिया के लिए टेंडर पहले से जारी महाबीर प्रसाद ने बताया कि नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण के लिए टेंडर जारी किया हुआ है। कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण के लिए गुलाब नगर व अंबाला रोड समेत तीन डॉग शेल्टर बनाए गए है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सरकारी और निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसी सार्वजनिक जगहों से आवारा कुत्तों से मुक्त करने का कार्य पहले करें। इसके लिए सभी सार्वजनिक स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर 7082410824 के बोर्ड व होर्डिंग लगाए। ताकि आमजन कुत्तों की सूचना इस हेल्पलाइन नंबर पर दे सकें। कुत्तों पर नियंत्रण करने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों व अन्य संस्थानों में नोडल ऑफिसर बनाए गए है। पेट्रोलिंग टीमें तैयार करें। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम, पुलिस, वेटरनरी स्टाफ, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। नगर निगम क्षेत्र लावारिस पशुओं से मुक्त हो चुका है। फिर भी कोई लावारिस पशु शहर में प्रवेश करता है तो उसे नगर निगम की टीम द्वारा पकड़ कर गोशाला में छोड़ा जाता है। कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण होने से शहर में बढ़ रहे डॉग बाइट के केस कम होंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन नंबर पर सूचना आते ही कुत्तों को पकड़कर डॉग शेल्टर पहुंचाए।