संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बारिश में जलभराव न हो, इसके लिए मेयर सुमन बहमनी हर वार्ड का दौरा कर जलनिकासी के इंतजाम करवा रही हैं। इसी के चलते मेयर इंजीनियरिंग ब्रांच व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ड नौ के कीर्ति नगर में पहुंचीं। यहां उन्होंने तेजली खेल परिसर के पीछे कीर्ति नगर से गुजर रहे नाले का निरीक्षण किया।
जांच में पता चला कि नाले का पानी ओवरफ्लो होकर तेजली खेल परिसर में जा रहा था। यह मेयर सुमन बहमनी ने हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भारत भूषण जुयाल व जिला खेल अधिकारी शिल्पी गुप्ता से भी बातचीत की। मेयर ने मौके पर आए इंजीनियरिंग ब्रांच व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
मेयर बहमनी ने इस दौरान हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भारत भूषण जुयाल व जिला खेल अधिकारी शिल्पी गुप्ता के साथ तेजली खेल परिसर को भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नगर निगम क्षेत्र की सभी सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करने और उसकी सही ढंग से सफाई करने के भी निर्देश दिए।
साथ ही नगर निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों को सीवरेज में जा रहे नालों पर जाल लगाने और क्षतिग्रस्त नालों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि खेल परिसरों की सुविधाएं सुदृढ़ हों और युवाओं को अभ्यास के लिए स्वस्थ व सकारात्मक वातावरण मिले।
शहरवासी स्वस्थ रहे, इसके लिए नगर निगम द्वारा सभी पार्कों में ओपन जिम लगाए हुए है, जहां रोजाना शहरवासी व युवा अभ्यास कर शरीर की फिटनेस बनाए रखते है।