संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव तेजली में प्रशासन ने वक्फा बोर्ड की जमीन से 23 साल पुराना कब्जा हटवाया गया। जिस जमीन पर कब्जा हो रहा था वह कब्रिस्तान की है, लेकिन लंबे समय से कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था।ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में वीरवार को भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से लगाई गई बल्लियां, बाड़ और अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी अब्दुल जब्बार ने बताया कि यह जमीन वक्फ बोर्ड की है, जिसका खसरा नंबर 386 और 1256 है। यहां पर मुस्लिम समुदाय के ही कुछ स्थानीय लोगों ने कूप बनाकर व पराली गिराकर लंबे समय से कब्जा किया हुआ था। ऐसे में बाकी लोगों को यहां कब्र दफनाने से रोका जा रहा था, जिसे लेकर कई बार विवाद भी हुआ। बाद में जब इस जमीन की एसडीएम के निर्देश अनुसार निशानदेही कराई गई तो सामने आया कि पीछे काफी रकबा खाली पड़ा है। वह प्रॉपर्टी एचएसवीपी की न होकर वक्फ बोर्ड की है। जब उन्होंने मौके पर देखा ताे इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ था।
अब्दुल ने बताया कि इस जमीन पर बने कुछ मकान भी अवैध हैं, जिनकी कानूनी तौर पर अलग से कार्रवाई चल रही है। इन मकानों के पीछे की तरफ जो दरवाजे खुले हुए थे उन्हें स्थायी तौर पर बंद करा दिया गया है। कब्जाधारियों को तीन बार पहले भी इस बारे में सूचित किया गया था, लेकिन उन्होंने कोई संज्ञान नहीं लिया, जिसके बाद प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी है।
-
2002 में जमीन मुक्त कराने के लिए डाला था केस
स्थानीय निवासी मोहम्मद इस्लाम ने कहा कि इस जमीन पर कुछ लोगों ने कई दशकों से कब्जा किया हुआ था। इस बारे एसडीएम कोर्ट में उन्होंने 2002 में केस डाला था। यह जमीन कब्रिस्तान की है, जिस पर कब्जाधारी कब्र नहीं दबाने दे रहे थे। इस्लाम ने बताया कि करीब चार माह पहले उसकी माता की मृत्यु हो गई थी, जिसको सुपुर्द- ए- खाक करने के लिए वे इस जमीन पर आए तो कब्जाधारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। उस समय पुलिस की मौजूदगी में उसकी माता को सड़क की दूसरी तरफ दफनाया गया। यह जमीन करीब 9 कनाल 4 मरले हैं, जिसमें से करीब 3 कनाल पर कब्जा हो रखा था।
गांव तेजली में अवैध कब्जे पर चलती जेसीबी। संवाद- फोटो : ramban news
गांव तेजली में अवैध कब्जे पर चलती जेसीबी। संवाद- फोटो : ramban news