संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। पॉलिटेक्निक कॉलेज में दाखिला लेने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी की ओर से आवेदन का नया शेड्यूल जारी किया है। जिसके तहत अब बहुतकनीकी संस्थान में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी 17 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले के शेड्यूल के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तिथि तीन जून थी। अब इसे बढ़ाकर 17 जून कर दिया है। ऑनलाइन काउंसलिंग 20 से होगी। जिले में तीन बहुतकनीकी संस्थान हैं, जिसमें दो सरकारी व तीन निजी बहुतकनीकी संस्थान हैं। जिले का सबसे पुराना दामला स्थित सेठ जयप्रकाश बहुतकनीकी संस्थान में सबसे ज्यादा सीट व कोर्स उपलब्ध हैं।
ऐसे में विद्यार्थी इन दो संस्थानों में ही दाखिलों का प्रयास कर रहे हैं। एक राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हथिनी कुंड बैराज पर स्थित है। दूसरा साढौरा के गांव राजपुर में है। सेठ जयप्रकाश बहुतकनीकी संस्थान के प्राचार्य अनिल बुद्धिराजा ने बताया कि नए शेड्यूलके अनुसार विद्यार्थी 17 जून तक आवेदन करसकते हैं। वहीं 20 जून से ऑनलाइन काउंसलिंग की जाएगी।
विभाग के शेड्यूल के अनुसार 17 से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 20 जून से ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। जिसमें विद्यार्थी अपनी पसंद से बदलाव करवा सकते हैं। 24 जून तक यह काउंसलिंग चलेगी। इसके बाद 25 जून को मेरिट लिस्ट जारी कर सीट अलॉट की जाएगी। जबकि 29 जून तक फीस जमा करवाई जाएगी। फीस जमा होने के बाद ही विद्यार्थी की सीट पक्की की जाएगी।
दूसरे चरण की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी। इस दौरान एक से तीन जुलाई तक पसंद भरी जा सकेगी। इसके बाद चार जुलाई को दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। दूसरी कट ऑफ लिस्ट में जगह पाने वाले विद्यार्थियों को आठ जुलाई तक रिपोर्ट करनी होगी। फीस जमा करने की तिथि आठ जुलाई होगी। जबकि 15 सितंबर को शेष सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग की जाएगी।
हथिनी कुंड बैराज स्थित चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिला लेना विद्यार्थियों की पहली पसंद है। राजकीय संस्थान होने के साथ यह हथिनी कुंड बैराज व कलेसर नेशनल पार्क के समीप स्थित है। वहीं साढौरा के राजपुर स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान भी विद्यार्थियों की पसंद है। यहां हर दिन करीब 100 से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन कर रहे हैं।
साढौरा राजपुर बहुतकनीकी संस्थान में 300 और हथिनी कुंड बहुतकनीकी संस्थान में 300 सीट हैं। वहीं दामला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में सबसे ज्यादा 540 सीटें हैं। इसमें 10वीं पास विद्यार्थी डिप्लोमा प्रथम वर्ष इंजीनियरिंग व 12वीं (विज्ञान वर्ग) अथवा दो वर्षीय आईटीआई पास विद्यार्थी द्वितीय वर्ष के लिए कोर्स हैं।