संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इंतजार खत्म। आज ईवीएम से किसका चमकेगा भाग्य, इसका फैसला आज मतगणना के नतीजों से हो जाएगा। यमुनानगर, जगाधरी, रादौर और साढौरा चारों विधानसभाओं के सुबह आठ बजे नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।
जिले के कुल 899112 मतदाताओं में से 639604 लोगों ने उत्साह के साथ 25 मई को 963 बूथों पर मतदान किया था। उसके बाद मतगणना के नतीजों की तारीख चार जून का बेसब्री से इंतजार किया था रहा था। आखिरकार आज वो घड़ी आ ही गई। उल्लेखनीय है मतदान के बाद शहर की आईटीआई में चारों विधानसभा यमुनानगर, जगाधरी, रादौर और साढौरा के बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम को जमा करा दिया गया था।
तब से ईवीएम थ्री लेयर की सुरक्षा के घेरे में बंद थी। वहीं मतगणना को लेकर प्रशासन की तरफ से तमाम प्रबंध किए गए। स्ट्रांग रूम के समीप कोई भी अधिकारी या उम्मीदवार जाएगा तो उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया गया। स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिनका कंट्रोल रूम आईटीआई यमुनानगर में बनाया गया था।
उधर सोमवार को अंबाला मंडल आयुक्त रेणू फुलिया व एसपी गंगाराम पूनिया ने सभी स्ट्रांग रूमों को निरीक्षण किया। वहीं सोमवार को मतगणना से पूर्व काउंटिंग एजेंट व काउंटिंग स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई। इसके लिए सभी कर्मचारियों को आई कार्ड तथा एंट्री से पूर्व रजिस्टर में भी नाम दर्ज किया गया।
ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर सीआईएसएफ, हरियाणा सशस्त्र पुलिस फोर्स व जिला पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया था। चारों स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में आठ-आठ की अवधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए जो कि बारी-बारी से स्ट्रांग रूम पर निगरानी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि काउंटिंग एजेंट एवं काउंटिंग स्टाफ के लिए अलग-अलग प्रवेश की व्यवस्था की गई।
मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत मीडिया कर्मियों को एंट्री दी जाएगी जिन्हें चुनाव आयोग द्वारा पास जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आईटीआई परिसर में स्थापित मतगणना केंद्रों में प्रथम सुरक्षा घेरा संबंधित मतगणना केंद्र से 100 मीटर दूरी से प्रारंभ होगा। यह स्थान पैदल क्षेत्र होगा। यहां पर वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इस क्षेत्र में सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले अपने प्रवेश पत्र साथ रखेंगे और बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश निषेध रहेगा। द्वितीय सुरक्षा चक्र परिसर के प्रवेश द्वार पर होगा। प्रवेश द्वार पर गहन जांच के उपरांत ही प्रवेश दिया जाएगा। तीसरा चक्र आंतरिक सुरक्षा के रूप में गणना हॉल के प्रवेश द्वार पर होगा।
मतगणना के लिए प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। थ्री लेयर में मतदान के दिन से ईवीएम की सुरक्षा की जा रही है। इसके अलावा आईटीआई के सामने से गुजर रहा रोड बंद रहेगा, उसके लिए डायवर्ट रूट बना दिए गए हैं। - गंगाराम पूनिया, एसपी यमुनानगर।