प्राथमिक स्कूलों के अध्यापक जल्द ही क्लास में बैठकर पढ़ते नजर आएंगे।
अध्यापकों को उनके विषयों में और अधिक पारंगत बनाने के लिए जिला शिक्षा और
प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) की ओर से अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिक्षा
तकनीकी विभाग के इंचार्ज दुष्यंत चहल ने बताया कि 17 से 21 फरवरी तक
अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 25-25
अध्यापकों के चार समूहों को डाइट तेजली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
पुरानी सब्जीमंडी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन और राजकीय
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल जगाधरी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान
प्राथमिक शिक्षक, गणित तथा विज्ञान अध्यापकों को शिक्षा तकनीकी की सहायता
से टीएलएम (शिक्षण सामग्री) तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि
प्रशिक्षित अध्यापक अपने पाठ्यक्रम को और अधिक सुगम और रुचिकर बना सकें।
अध्यापकों को यह प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। दूसरा
कार्यक्रम सेवाकालीन प्रशिक्षण विभाग की इंचार्ज गीता ढींगरा द्वारा
संचालित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में 130 प्राथमिक शिक्षकों को विभिन्न
विषयों को पढ़ाने और शिक्षण सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिन अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, उनके द्वारा बनाई गई शिक्षण
सामग्री का एससीईआरटी हरियाणा गुड़गांव की ओर से कमिश्नरी लेवल पर कंप्टीशन
करवाया जाएगा और प्रदर्शनी लगाई जाएगी।