फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों ने दो घंटे लगाया जाम

Sat, 15 Feb 2014 12:26 AM IST
यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
खजूरी रोड पर शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से शुगर मिल में कार्यरत एक युवक की मौत हो गई है। गुस्साए ग्रामीणाें ने शादीपुर-खजूरी मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगाए रखा।
विज्ञापन


 ग्रामीण इस मार्ग पर लकड़ी से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियों के गुजरने पर रोक की मांग कर रहे थे। तीन थानों के एसएचओ मौके पर आए और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। हरियाबांस का रहने वाला नवीन (22) शुगर मिल के पेट्रोल पंप पर काम करता था। सुबह वह मोटरसाइकिल पर मिल जा रहा था।

करहेड़ा से खजूरी रोड पर मुड़ते समय वह पीछे से आ रही पापुलर से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। आस पड़ोस वाले घायल नवीन को अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


 नवीन की मौत से गुस्साए ग्रामीण खजूरी रोड पर आ गए और जाम लगा दिया। दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्राली सड़क के बीच में ही खड़ी होने और लोगों के सड़क पर इकट्ठा होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। इसकी सूचना मिलते ही थाना सदर यमुनानगर, थाना शहर यमुनानगर और जठलाना थाना एसएचओ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीण को समझाने का प्रयास किया।

 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राली के चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने इस बात पर भी रोष जताया कि लकड़ी से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़कों से गुजरती रहती है, जिनके कारण आए दिन हादसे होते हैं। पुलिस भी इन ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियोें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


काफी मान मनौव्वल के बाद ग्रामीण सड़क से हट गए। इसके बाद पुलिस ने सड़क में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली को किनारे करवाकर यातायात चालू करवाया। मृतक नवीन ने कुछ समय पहले ही बीटेक की थी। इसके बाद उसकी नौकरी शुगर मिल में लगी थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें