संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अब गवाही के लिए पुलिसकर्मी को अदालत के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। थाने से ही वीसी के माध्यम से पुलिसकर्मी की गवाही होगी। इसके लिए प्रत्येक थाने में अलग से रिमोट प्वाइंट रूम की स्थापना की गई है। गवाही देने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
एसपी के मुताबिक, एक जुलाई 2024 से तीन नए कानून लागू हुए थे। नए कानूनों में यह व्यवस्था की गई है कि कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से गवाही हो सकेगी। वहीं वीरवार को लघु सचिवालय में एसपी राजीव देसवाल के नेतृत्व में सभी थानों के मुंशी व नायब कोर्ट के साथ बैठक हुई। जिसमें सभी को कोर्ट की प्रक्रिया के बारे अवगत कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को तकनीकी, कानूनी और व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
एसपी ने बताया कि नई व्यवस्था से पुलिसकर्मियों को गवाही के लिए न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिससे उनका समय बचेगा। ऑनलाइन गवाही के लिए जिला के सभी थाना में रिमोट प्वाइंट रूम तैयार किये गए हैं। इसमें टीवी स्क्रीन, स्पीकर, माइक, कैमरा, टेबल, कुर्सी की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मी अब रिमोट प्वाइंट रूम में बैठकर अपनी गवाही डिजिटल तरीके अपना पक्ष अदालत के सामने रख सकेंगे।