संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी का पद अब खंड जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) संभालेंगे। विभाग के नियमों के अनुसार एक सप्ताह तक पद खाली रहने पर इसकी शक्तियां समक्ष अधिकारी को स्थानांतरित हो जाती हैं। ऐसे में मुख्यालय से नियुक्ति होने तक अब जिले के सभी खंडों में बीईओ का कार्यभार बीईईओ संभालेंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बता दें कि जिले के छह में से पांच खंडो में बीईओ थे और एक खंड में प्राचार्य को अतिरिक्त पदभार था। वहीं, सरकार ने 18 अप्रैल को प्रदेश के कई खंड शिक्षा अधिकारियों को पद्दोन्नति देकर उप जिला शिक्षा अधिकारी बना दिया था। जिसके बाद जिले के तीन बीईओ डिप्टी डीईओ बन गए थे। ऐसे में बीईओ के पद खाली हो गए थे।
जगाधरी बीईओ के पास रादौर का अतिरिक्त चार्ज था। परंतु उनके निलंबित होने से दोनों खंड भी खाली हो गए थे। ऐसे में पांच खंड अधिकारी विहीन हो गए थे। करीब एक सप्ताह पद खाली होने के बाद इसका कार्य भारी खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी को दे दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले में बीईओ की नियुक्ति होने तक बीईईओ अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। उनके पास सभी प्रकार की डीडी पॉवर भी होंगी। इस दौरान जगाधरी खंड का कार्यभार बीईईओ सुनीता गुप्ता देखेंगी। जबकि साढौरा में धर्मसिंह राठी, बिलासपुर में नरेश कुमार, छछरौली में रमेश कुमार कार्यभार संभालेंगे।
सरस्वतीनगर खंड का कार्य गुंदियाना विद्यालय प्राचार्य पिरथी सैनी के पास होगा। बता दें कि पिरथी सैनी के पास पहले से सरस्वतीनगर के बीईईओ का अतिरिक्त कार्यभार है और बीईओ का भार भी उन्हें दिया गया है। रादौर में अभी कोई अधिकारी नहीं है। फिलहाल कार्यालय के काम बीआरसी देखेंगे।डीईओ धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि बीईओ की नियुक्ति के लिए मुख्यालय से मांग की गई है। जल्द ही खंड शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति हो जाएगी।