संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रयागराज के लिए यमुनानगर से अगले कुछ दिनों में हरियाणा रोडवेज की बस सेवा शुरू हो सकती है। इसके लिए रोडवेज अधिकारी योजना तैयार कर रहे हैं।
विभागीय सूत्रों की मानें तो फरवरी के पहले सप्ताह में ही यमुनानगर से प्रयागराज के लिए बस चलने की संभावना है। इसके साथ ही यमुनानगर से पंचकूला के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है, जिसके मुताबिक यमुनानगर बस स्टैंड से सुबह 6.50 व दोपहर दो बजे पंचकूला के लिए रवाना होगी।
जानकारी के अनुसार पंचकूला के लिए कई वर्षों यमुनानगर डिपो की सीधी बस सेवा बंद है। कोरोना के चलते लॉकडाउन लगने से पहले यमुनानगर डिपो की पंचकूला और कालका के लिए एक-एक बस संचालित होती थी। इसके बाद से ये रूट बंद पड़े थे। हालांकि पंचकूला डिपो की सुबह 6.30 बजे एक बस यमुनानगर से आ-जा रही थी, पर एक ही समय बस होने से यमुनानगर से पंचकूला जाने व लौटने में जिले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पंचकूला के लिए सीधी बस न होने पर जिले के लोगों को पहले अंबाला, चंडीगढ़ फिर आगे पंचकूला की बस लेनी पड़ती थी। यही परेशानी पंचकूला स्थित सरकारी विभागों के मुख्यालय जाने व लौटने में अफसरों व कर्मचारियों को भी थी।
इसके अलावा पंचकूला में कालका जी मंदिर भी जिले से काफी श्रद्धालु जाते हैं, उन्हें भी पंचकूला जाने व लौटने में बसों बदलने की परेशानी झेलनी पड़ती थी। इन्हीं दिक्कतों को देखते हुए यमुनानगर डिपो की बसों के पंचकूला रूट पर दो समय बस शुरू कर दी गईं हैं। इसमें एक समय यमुनानगर बस स्टैंड से सुबह 6.50 और दूसरा दोपहर दो बजे का है। इससे पंचकूला सरकारी विभागों के मुख्यालय आने-जाने वाले अफसरों व कर्मचारियों सहित कालका जी मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं सहित रूट के अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।