अब मोबाइल पर घर बैठे ही कोरोना की रिपोर्ट मिलेगी। इसके लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए एक वेबसाइट भी जारी की है। साथ ही सीएमओ ने जिलेवासियों से सर्तकता और जागरूकता बरतने की अपील की है।
सीएमओ डा. विजय दहिया ने बताया कि जिले में एक वेबसाइट का निर्माण किया गया है। इस वेबसाइट के माध्यम से जिलेवासी अपने एसआरएफ नंबर के माध्यम से अपनी रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे। बता दें कि कोरोना का सैंपल देते समय जब व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन किया जाता है तो उसके मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से एक एसआरएफ नंबर आता है, जो प्रति व्यक्ति अलग-अलग होता है। इसी एसआरएफ नंबर के माध्यम से मरीज अपनी रिपोर्ट घर बैठे प्राप्त कर सकता है। डा. दहिया ने बताया कि सैंपल देने के पश्चात रिपोर्ट आने में 24 से 48 घंटों का समय लगता है। उन्होंने सभी से अपील की है कि रिपोर्ट आने तक अपने घर पर ही रहें तथा अपने परिवारजन से भी दूरी बनाए रखें।
होम आइसोलेट मरीज रहें घरों में
डा. दहिया ने अपील की है कि जिन व्यक्तियों को घर पर आइसोलेट किया गया है, वइ घर पर ही रहें तथा स्वास्थ्य निर्देशों का पालन करें। यदि किसी व्यक्ति में कोरोना संबंधी लक्षण हैं तो वे जल्द ही कोरोना जांच अवश्य कराएं, ताकि मरीज का समय पर उपचार किया जा सके। व्यक्ति की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल में लाने पर मरीज की जान को खतरा होता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सिविल अस्पताल में भी कोरोना जांच के लिए लैब आरंभ हो जायेगी। जिससे कोरोना की रिपोर्ट जल्द प्राप्त होगी।