संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में लगे समाधान शिविर में सीटीएम पीयूष गुप्ता के समक्ष चार शिकायतें पहुंची। इनमें जगाधरी निवासी संजीव कुमार व नरेश कुमार ने परिवार पहचान पत्र ठीक करवाने बारे, दुर्गा कॉलोनी निवासी जय सिंह ने पशु डेयरी हटवाने बारे व महावीर कॉलोनी निवासी सुमन रानी ने सीवरेज ब्लॉक होने की समस्या रखी। सीटीएम ने शिकायतों को निपटान के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया है।
पीयूष गुप्ता ने कहा कि समाधान शिविर में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्याओं को मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास रहें, यदि कोई समस्या का समाधान दस्तावेजों या अन्य जांच पर आधारित है तब भी उसका समयबद्ध होकर जल्द निपटान करवाना सुनिश्चित करें। प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशन में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में अब बदलाव किया गया है।
अब ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व की भांति जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर शिविर का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समाधान शिविर जिला सचिवालय के सभागार में तथा उपमंडल स्तर के समाधान शिविर बिलासपुर, छछरौली व रादौर में स्थित एसडीएम कार्यालय में आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि वे एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकते हैं।