संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में वीरवार को समाधान शिविर लगाया गया। इस दौरान डीआईओ विनय गुलाटी के समक्ष सात शिकायतें आई। उन्होंने हल करने के लिए संबंधित विभागों को भेज दी हैं।
उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि यहां जो भी समस्याएं आती हैं, उन्हें लटकाए नहीं, हर समस्या का समाधान होना चाहिए। डीआईओ ने कहा कि अब ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व की भांति जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर शिविर का आयोजन होगा।
डीआईओ गुलाटी ने बताया कि जिला स्तरीय समाधान शिविर जिला सचिवालय के सभागार में तथा उपमंडल स्तर के समाधान शिविर व्यासपुर, छछरौली व रादौर में स्थित एसडीएम कार्यालय में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य है जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, ताकि समस्याओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुलझाया जा सके।
इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि वे एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकते हैं। इस अवसर पर डीएसपी कंवलजीत, सुपरिटेंडेंट अतुल व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।