संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सरकार की ओर से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को जिला सचिवालय पहुंचे फरियादियों को मौके पर राहत नहीं मिल सकी। सीटीएम पीयूष गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में पांच शिकायतें आईं, लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित शिविर में सेक्टर-17 हुडा निवासी अनूप कुमार ने बिजली का पोल स्थानांतरित कराने, सरगोधा कॉलोनी के राजीव दुआ ने आवासीय क्षेत्र में दुकानों के निर्माण, विजय कॉलोनी के असलम ने बिना नक्शा पास कराए मकान निर्माण, विकास नगर निवासी अंकुश बक्शी ने मुकुंद लाल पब्लिक स्कूल के सामने जान से मारने की धमकी और अभद्र व्यवहार की शिकायत की। कांसापुर निवासी संजीव नंदा ने धक्का-मुक्की, मोबाइल छीनने के प्रयास और जान से मारने की धमकी की शिकायत दर्ज कराई। सभी मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने किया तीन समस्याएं निपटाईं
व्यासपुर। जिले के अन्य उपमंडलों में आयोजित समाधान शिविरों में स्थिति कुछ अलग रही। व्यासपुर एसडीएम कार्यालय में आयोजित शिविर में चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि एक शिकायत संबंधित विभाग को भेजी गई। नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह ने बताया कि परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पुलिस, पंचायती राज और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। संवाद
छछरौली में पहुंची दो शिकायतें
छछरौली। एसडीएम जसपाल सिंह गिल की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में दो शिकायतें पहुंचीं। एक भी शिकायत का मौके पर समाधान नहीं हो सका। दोनों मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए गए। संवाद