संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बूड़िया स्थित पश्चिमी यमुना नहर में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान लापता हुए दो सगे भाइयों उदय और आर्यन का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। प्रशासन ने सर्च अभियान तेज कर दिया है और एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में तलाश कर रही है। परिवार की उम्मीदें अब भी टिकी हुई हैं।
गांव भगवानगढ़ निवासी 24 वर्षीय उदय और 19 वर्षीय आर्यन 17 फरवरी की शाम को बाइक पर सवार होकर बूड़िया नहर पर पूजा सामग्री प्रवाहित करने गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने पिता की शराब छुड़ाने की मन्नत पूरी होने पर पूजन किया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर किनारे उनकी बाइक और चप्पल मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई और नहर में डूबने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। गोताखोरों ने नहर में कई बार तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। प्रशासन ने नहर का जलस्तर भी कम कराया है ताकि तलाश अभियान में तेजी लाई जा सके। बूड़िया थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में दोनों भाइयों के नहर में डूबने की आशंका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। परिजन और ग्रामीण लगातार नहर किनारे डटे हुए हैं और दोनों भाइयों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।