यमुनानगर। जिले के करतारपुरा निवासी 20 वर्षीय छात्र अमन पिछले करीब तीन माह से लापता है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए को सौंपने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस को छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
अमन की मां गीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा खालसा इंस्टीट्यूट का फाइनल ईयर का छात्र है। 16 दिसंबर को वह रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। उस दिन उसकी परीक्षा भी थी। परिजनों के अनुसार अमन ने घर से निकलकर ऑटो लिया और जगाधरी बस अड्डे के पास पहुंचा। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में वह करीब पौना घंटा बस अड्डे के पास बैठा दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। शाम तक जब अमन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसी दिन परिजनों ने रामपुरा चौकी में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों का कहना है कि अमन का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे चिंता और बढ़ गई है। अमन परिवार का इकलौता बेटा है। परिवार में उसकी मां गीता, पिता रोकी और एक छोटी बहन है, जो पिछले कई महीनों से उसके लौटने का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कमलदीप से मिले और मामले की जांच सीआईए को सौंपने की मांग की। एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और छात्र की तलाश तेज की जाएगी।