यमुनानगर। करीब 70 करोड़ रुपये के बहुचर्चित धान घोटाले में नामजद छछरौली निवासी राइस मिलर संदीप सिंगला को फिलहाल राहत नहीं मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई हुई लेकिन अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी। ऐसे में संदीप सिंगला की मुश्किलें फिलहाल बरकरार हैं।
गौरतलब है कि यह मामला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की जांच के दौरान सामने आया था। 13 नवंबर 2025 को विभाग के निदेशक अंशज कुमार ने स्वयं प्रतापनगर स्थित संदीप सिंगला की राइस मिल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान धान के स्टॉक का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया गया। इसमें भारी मात्रा में धान की कमी पाई गई। इसके बाद विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाया तो मामला एक राइस मिल तक सीमित नहीं रहा।
जांच में सात राइस मिलों में बड़े स्तर पर अनियमितताओं और धान घोटाले का खुलासा हुआ। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के धान के गबन की बात सामने आने के बाद विभाग ने मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच अब विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ एसआईटी भी कर रही है।