फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्क अलॉट पर भी नहीं कचरा उठान

विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में डोर टू डोर कचरे के उठान से लेकर निस्तारण का काम दो एजेंसियों को सितंबर में अलॉट हुआ, बावजूद इसके अभी तक न नियमित कचरे का उठान और न ही उसका निस्तारण हो रहा है। निगम अफसर स्पष्ट कर चुके हैं कि कैल प्लांट में कचरे के ढेर न लगे, इसलिए कचरा उठान से पहले एजेंसियां कैल प्लांट में कचरा निस्तारण व्यवस्था करेंगी। जबकि जमीनी हकीकत ये है कि अभी तक कैल प्लांट में दोनों एजेंसियों की कचरा निस्तारण की मशीनें भी नहीं लग पाई हैं। इस तरह नगर निगम व एजेंसियों के बीच लटके काम से त्योहारी सीजन में शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई दिख रही है, चूंकि घरों में एकत्र कचरे को लोग गलियों-सड़कों पर गिराने लगे हैं, वहीं कचरा उठान सर्विस न मिलने पर भी यूजर चार्ज भरने पर मजबूर हैं।
विज्ञापन

डोर टू डोर कचरे के उठान से निस्तारण तक के काम के लिए नगर निगम यमुनानगर जगाधरी क्षेत्र के 11-11 वार्ड के दो जोन बनाए गए हैं। इसकी टेंडर प्रक्रिया में जोन-1 से श्री श्याम एसोसिएट व जोन-2 से आएनडी सोल्यूशन ने क्वालीफाई किया। दोनों के टेंडर में दिए रेट पर मंजूरी पर इन्हें वर्क ऑर्डर कर दिया गया है। गत वर्ष भी दो जोन थे, पर दोनों जोन में एक ही एजेंसी को कचरे के उठान से निस्तारण तक के काम की 1890 रुपये प्रति टन के हिसाब से अदायगी हुई। इस बार दोनों जोन में यह काम अलग-अलग दो एजेंसियों के पास है। साथ ही अबकी बार काम के एजव में एजेंसियों को 2594 रुपये प्रति टन के हिसाब से अदायगी किए जाने का अनुमान है।
आईटीआई निवासी वीरेंद्र सपरा ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स के बिलों में लोगों से शॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर यूजर चार्ज लग रहे हैं। जबकि न तो बीते वित्तवर्ष और न ही चालू वित्तवर्ष में कचरा उठान सर्विस नियमित मिली। इसलिए जब तक यह सर्विस नियमित हो जाती, तब तक यूजर चार्ज पर रोक लगाई जाए। साथ ही गत वित्तवर्ष के बिलों में लगे यूजर चार्ज हटाए जाएं और जो लोग यूजर चार्ज भर चुके हैं, उन्हें वसूली गई राशि वापस की जाए।
विज्ञापन

विशाल नगर के चिराग सिंघल ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी का 170वां रैंक आया जबकि इससे पहले के सर्वेक्षण में 243वां रैंक था। इसके मुताबिक शहर की स्वच्छता में सुधार हुआ, लेकिन यह बात सिर्फ कागजी साबित हो रही है। क्योंकि केवल सर्वेक्षण के समय ही कुछ हद तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहती है जबकि बाकी पूरे साल कचरा उठान व प्रबंधन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। अब भी ऐसा हो रहा है।
जगाधरी के गोमती गली निवासी भीमसेन गर्ग ने कहा कि बीते पूरे वित्तवर्ष के दौरान ठेके पर दिए काम में कचरा उठान कई दिन, हफ्ते व माह में होता था। चार माह से ठेका खत्म होने पर काम निगम के जिम्मे आया तो भी कचरा उठान में कई हफ्ते व माह लग रहे हैं। कई दिन का कचरा घर पर इकट्ठा हो जाने पर दुर्गंध व मक्खी मच्छर की परेशानी देख लोग मजबूरन कचरे को आसपास खुले में फेंकने पर मजबूर हो रहे हैं।
पुराना हमीदा निवासी दीक्षित शर्मा ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स बिलों में सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर यूजर चार्ज लग रहे हैं। जबकि नगर निगम क्षेत्र में सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट नहीं है। न घरों में लोगों का इकट्ठा किए गीले-सूखे कचरे का नियमित उठान है न उसका निस्तारण। कचरे को हमीदा हेड व अन्य खुले स्थानों पर गिराया जा रहा है, जिसमें कई बार आग लगने से वह वायु प्रदूषण की वजह बन रहा है। ऐसी व्यवस्था में यूजर चार्ज लेने का औचित्य नहीं है।
नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा ने कहा कि एजेंसियों से कचरा उठान का काम तभी शुरू कराएंगे, जब वह उसके निस्तारण की उचित व्यवस्था करें। ताकि कैल प्लांट में पहले की तरह निस्तारण व्यवस्था न होने पर कचरे के ढेर न लगें। इसके लिए एजेंसिया कैल प्लांट में अपनी मशीने लगा रही हैं। जैसे ही मशीने कचरे के निस्तारण के लिए तैयार होंगी, वैसे ही शहर में कचरा उठान का काम एजेंसियों से शुरू करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें