जगाधरी। शहर के फुटबॉल खिलाड़ी निश्चय थापा छेत्री ने अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। निश्चय का चयन चंडीगढ़ में होने वाले ऑल इंडिया एडमिनिस्ट्रेशन फुटबॉल कप अंडर-17 के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
निश्चय ने बताया कि उसे बचपन से ही फुटबॉल खेलने का शौक था। महज आठ वर्ष की उम्र में उसने इस खेल की शुरुआत की थी। उसके पिता और चाचा भी फुटबॉल से जुड़े रहे हैं, जिनसे प्रेरित होकर उसने इस खेल को अपना लक्ष्य बनाया। परिवार का लगातार सहयोग और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से वह आज राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है।
विज्ञापन
निश्चय ने कहा कि हर प्रतियोगिता में वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करता है। कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन की बदौलत उसे लगातार सफलता मिल रही है। उसका सपना भारतीय फुटबॉल टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना है। फिलहाल वह अंडर-17 वर्ग में खेल रहा है और भविष्य में राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाने के लिए लगातार तैयारी कर रहे हैं।
चंडीगढ़ में होने वाले ऑल इंडिया एडमिनिस्ट्रेशन फुटबॉल कप अंडर-17 के लिए चयन। स्टेट गेम्स क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन। वर्ष 2024 में पेफी नेशनल चैंपियनशिप में हरियाणा टीम के उपकप्तान रहते हुए टीम को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका। अंडर-17 वर्ग में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन। दिल्ली फ्यूचर स्टार यूथ लीग में दिल्ली एफसी का प्रतिनिधित्व।