लोकसभा चुनाव में लगी आचार संहिता से रुके सड़कों के मरम्मत और पुनर्निर्माण के कार्य गति पकड़ने लगे हैं। जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को मानसून से पहले काम पूरा करने के आदेश दिए हैं। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो एनएच-73 सहित जिले की विभिन्न सड़कों पर 30 जून तक रंगत लौटी नजर आएगी।
नेशनल हाईवे के स्मूथ होने से रुकेंगे हादसे
एनएच-73 कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग पर कलानौर से विश्वकर्मा चौक और विश्वकर्मा चौक से जगाधरी बस स्टैंड वाया रक्षक विहार तक 14.5 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 एमएम की तारकोल परत बिछाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने न्यू इंडिया कंस्ट्रक्शन को 27 फरवरी को वर्क अलॉट किया था। कंपनी ने कार्य को दो हिस्सों कलानौर नाका से खजूरी जंक्शन और खजूरी जंक्शन से रक्षक विहार में वर्गीकृत कर काम शुरू किया, लेकिन काम शुरू होने के कुछ समय बाद ही बीच में लोकसभा चुनाव-2014 आ जाने से आचार संहिता के कारण काम बीच में रोकना पड़ा। अब आचार संहिता खत्म होने पर प्रशासन ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को 15 जून तक यह काम पूरा करने के आदेश दिए हैं, ताकि मानसून में बरसात के कारण कार्य प्रभावित न हों।
कंस्ट्रक्शन कंपनी ने एनएच-73 कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग कलानौर नाका से खजूरी जैक्शन तक 10 करोड़ रुपये की लागत से दो एमएम की तारकोल की परत बिछाने का काम पूरा कर लिया है, जबकि दूसरे हिस्से खजूरी जंक्शन से रक्षक विहार तक 4.45 करोड़ की लागत से दो एमएम की तारकोल की परत बिछाने का काम 15 जून तक पूरा होने की उम्मीद है। यदि इस कार्य में बरसात अड़चन नहीं बनी तो नेशनल हाईवे पर बने गड्ढों के भर जाने से हादसों में काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।
मानसून से पहले काम पूरा करने के दिए आदेश
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण के कार्यों को लेकर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने समीक्षा बैठक ली। इस दौरान विभाग को मानसून से पहले 30 जून तक कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। मौके पर डीसी मंदीप सिंह बराड़, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, चीफ इंजीनियर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।