फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज मुलाजिमों ने डेढ़ घंटा रखा चक्का जाम

Sat, 24 May 2014 12:29 AM IST
यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रोडवेज विभाग द्वारा चार कर्मियों को सस्पेंड करने पर भड़की हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने हरियाणा रोडवेज तालमेल समिति के आह्वान पर यमुनानगर बस स्टैंड पर बसों की आवाजाही रोक करीब डेढ़ घंटा चक्का जाम रखा।
विज्ञापन


इससे पूर्व सुबह नौ से लेकर दोपहर सवा एक बजे के बीच प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज कार्यशाला और बस स्टैंड में जमकर बवाल काटा। प्रदर्शनकारियाें को समझाने में भारी पुलिस बल सहित मौके पर विभाग व प्रशासनिक अधिकारियाें के भी पसीने छूट गए। बाद में  तहसीलदार की मध्यस्थता में जीएम द्वारा कंडक्टर सुमित को बहाल करने व अन्य कर्मियों के लिए हेड ऑफिस प्रस्ताव भेजे जाने के आश्वासन पर जाम खोला गया। उधर, चक्का जाम के बीच यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल, रोडवेज विभाग द्वारा कार्य में कोताही बरतने के आरोप में कंडक्टर सुमित और अशोक, क्लर्क राजीव, चौकीदार वीरेंद्र को सस्पेंड कर दिया गया था। इसी पर गुस्साई हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के स्टेट और जिला पदाधिकारियों ने सैकड़ाें कर्मचारियाें सहित यमुनानगर रोडवेज कार्यशाला में सुबह गेट मीटिंग की। इस दौरान सभी कर्मचारियाें ने रोष स्वरूप विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर सस्पेंड किए गए कर्मियों को बहाल करने की मांग की। इस दौरान डिपो के कार्यकारी प्रधान रवींद्र सिंह, सचिव महेंद्रपाल, उपप्रधान विजय कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान राज कुमार फौगट, रघवीर सिंह कार्यालय सचिव और मुख्य सलाहकार जयप्रकाश, उप प्रधान लाजो देवी व नेत्रपाल ने संबोधित किया।
विज्ञापन


इसके बाद रोडवेज कार्यशाला से सभी कर्मचारियों ने जलूस की शक्ल में यमुनानगर बस स्टैंड में जीएम कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियाें ने चेतावनी दी कि एक घंटे में यदि जीएम उनकी बात सुनने नहीं पहुंचे तो कर्मचारी यमुनानगर बस स्टैंड में रोडवेज का चक्का जाम कर दिया जाएगा। इस पर रोडवेज जीएम लाजपत राय प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने पहुंचे और यूनियन की मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय में वार्ता करने का आमंत्रण दिया।

तहसीलदार की मध्यस्थता में हुई वार्ता विफल
जीएम से मांगाें को लेकर वार्ता करने के लिए यूनियन के स्टेट व जिला पदाधिकारियाें का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाया गया। इसमें हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के स्टेट प्रधान हरिनारायण शर्मा, यमुनानगर डिपो प्रधान रमेश शर्मा, कार्यकारी प्रधान रविंद्र सिंह, उपप्रधान राजकुमार, मुख्य सलाहकार जयप्रकाश, सचिव महेंद्र पाल, कैशियर प्रेमपाल को शामिल किया गया। इनकी तहसीलदार की मध्यस्थता में जीएम लाजपत राय के साथ उनके कार्यालय में वार्ता हुई। करीब घंटेभर चली वार्ता में यूनियन की मांगों को लेकर कोई सहमति नहीं हो सकी, जिसके बाद यूनियन ने चक्का जाम करने का फैसला किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें