हाईडल नहर के पास जलाहू माजरा गांव के पास पटरी के किनारे खोदी गई सुरंग क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण गुरनाम, राकेश, सतीश, नवाब, अजमेर व राकेश ने बताया कि गांव जलाहू माजरा के पास जयधर जाने वाली नहर की पटरी के किनारे पर किसी ने सुरंग जैसी जगह बना दी है। नहर की पटरी के किनारे पशु चराने वाले ने गांव में इस बारे में बताया तो सभी ग्रामीण सुरंग देखने नहर की पटरी के किनारे इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सुरंग किसी ने एक-दो दिन पहले ही खोदी है। एक-दो दिन पहले यहां नहर के आस पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों को भी घूमते देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब सुरंग के अंदर जाकर देखा गया तो वहां से एक कस्सी और एक मिट्टी खोदने का औजार प्राप्त हुआ, जिससे से पता चलता है कि यह सुरंग अभी खोदी ही जा रही है। सुरंग करीब 15 फुट लंबी है और इसके दो सिरे हैं। उनका कहना है कि जहां पर सुरंग खोदी गई है वो जंगल का क्षेत्र पड़ता है और वहां पर कोई आता जाता भी नहीं है।
लेकिन इस प्रकार की हरकतें क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सुरंग इस प्रकार खोदी गई है जैसे किसी चीज को छुपाने के लिए बनाई गई हो। सुरंग के पास बेगमपुर पावर हाउस लगता है और दूसरी साइड में भूडकलां पावर हाउस। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस बारे में पुलिस को भी सूचित किया, लेकिन पुलिस कर्मचारी खानापूर्ति करके चले गए।