ब्लॉक रादौर में 24 जनवरी को होने वाले पंचायती चुनावों में चुनाव से जुड़े अधिकारियों की भारी गलती सामने आई है। खंड मेें पंच पद के लिए 10 उम्मीदवारों को गलत चुनाव चिह्न आबंटित कर दिए गए। बाद में गलती का पता चलने पर उन्हेें उनके सही चुनाव चिह्न दिए गए। इस गलती से प्रत्याशियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को प्रशासन के अधिकारियों ने इन प्रत्याशियों को बीडीपीओ कार्यालय बुलाकर उन्हें सही चुनाव चिह्न दिए।
गांव उन्हेड़ी के वार्ड नंबर पांच में रूमा देवी व पूनम देवी, वार्ड नंबर सात में मामकौर व मीना देवी, वार्ड नंबर 10 में मंगतराम व राजकुमार, गांव हड़तान के वार्ड नंबर एक में सतीश कुमार व शशी कुमार, गांव पूर्णगढ़ के वार्ड नंबर तीन में सतीश कुमार व कर्मबीर को चुनाव कर्मचारियों ने गलती से गलत चुनाव निशान आंबटित कर दिए थे। लेकिन जब चुनावी फार्मों की छानबीन की गई तो उपरोक्त वार्डों में उम्मीदवारों को गलत चुनाव निशान देने का पता चला। इसके बाद आनन-फानन में सभी प्रत्याशियों को बुलाकर उन्हें उनके सही चुनाव चिह्न दिए गए। ये सभी प्रत्याशी पंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
पहले फावड़े के लिए मांगी वोट, अब सीढ़ी पर मोहर लगाने की करनी पड़ेगी अपील....
गांव उन्हेड़ी से पंच पद का चुनाव लड़ रही रोमा देवी ने बताया कि उसे पहले फावड़ा चुनाव चिह्न मिला था। लेकिन अब उसका चुनाव चिह्न सीढ़ी कर दिया गया है। उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए परचे, पोस्टर छपवा लिए थे। अब इस पर दोबारा पैसा खर्च करना पड़ेगा। सबसे बड़ी दिक्कत इस बात की है डोर टू डोर चुनाव प्रचार कर मतदाताओं को फावड़ा को वोट देने की अपील की थी, अब दोबारा मतदाताओं के पास जाकर सीढ़ी पर वोट डालने की अपील करनी पड़ेगी। इसी तरह की समस्या हर उम्मीदवार को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें गलत चुनाव चिह्न दे दिए गए थे। कुछ उम्मीदवारों ने अपने चुनाव निशान के अनुसार बैलेट पेपर का नमूना छपवाकर मतदाताओं में बांट दिया था। अब उन्हें दोबारा बैलेट पेपर का नमूना छपवाना पड़ रहा है।
वर्जन-
बैलेट पेपर मेें इन उम्मीदवारों के सही चुनाव चिह्न हैं। आरओ की गलती से प्रत्याशियों को गलत चुनाव चिह्न दे दिए गए। फार्मों की दोबारा चेकिंग पर यह गलती पकड़ी गई। अब प्रत्याशियों को उनके सही चुनाव चिह्न बता दिए गए हैं।
राजबीर सिंह, बीडीपीओ, रादौर