फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फेस्टिवल सीजन में सड़कें जाम, प्रशासन नाकाम

Sun, 01 Nov 2015 12:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
फेस्टिवल और मैरिज सीजन में शहर के अलावा साथ लगते कस्बों से खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ से व्यवस्था बिगड़ी हुई नजर आ रही है। फुटपाथ पर दुकानदारों के अतिक्रमण और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से सड़कें सिकुड़ कर आधे से भी कम रह गईं हैं।
विज्ञापन


बाजारों में पैदल तो मुख्य मार्गों से वाहन समेत गुजरना मुश्किल है। दिनभर वाहन सड़कों पर रेंगते हैं और यह स्थिति देर शाम तक बनी रहती है, किंतु प्रशासन स्थिति से निपटने में नाकाम साबित हो रहा है।

चूंकि केवल चौक-चाराहों पर ही होमगार्ड और पुलिस कर्मियों की तैनाती है,  बाकी स्थानों पर व्यवस्था रामभरोसे छोड़ी गई है। त्योहारी सीजन को लेकर फिलहाल अतिक्रमण व पार्किंग को लेकर कोई नीति अमल में नहीं लाई गई, जबकि इन्हीं कारणों से कई मार्ग सुबह-शाम जाम लगे रहते हैं।
विज्ञापन


फेस्टिवल और मैरिज सीजन को लेकर बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रहने लगी है। सबसे ज्यादा भीड़ न्यू मार्केट और मीराबाई बाजार में है, जबकि सबसे व्यस्त रेलवे रोड और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर भी सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं।

इन मार्गों के दोनों ओर शहर के मुख्य बाजारों के अलावा दोनों ओर सैकड़ों दुकानें लगती हैं। सामान बेचने के लिए मार्ग के दोनों ओर इन दिनों अतिक्रमण के रूप में फुटपाथ से सड़क किनारे तक स्टॉल व रेहड़ियां लग गई हैं, जो जाम की वजह बन गए हैं।

रही सही कसर पार्किंग की सुविधा न होने के कारण सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन पूरी कर रहे हैं। रेलवे रोड पर न्यू मार्केट से फव्वारा चौक और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर फव्वारा चौक से थापर ग्राउंड तक सुबह-शाम जाम में वाहन रेंगते दिखाई देते हैं।

भारी वाहनों का प्रवेश
अतिक्रमण, अवैध पार्किंग के अलावा प्रशासन द्वारा फेस्टिवल और मैरिज सीजन में सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले मार्गों से भारी व चार पहिया वाहनों के प्रवेश को लेकर फिलहाल कोई नीति नहीं बनाई गई। रेलवे रोड और जगाधरी वर्कशाप रोड, जहां हर वक्त जाम की स्थिति रहती है, वहां भी भारी व चारपहिया वाहन बेरोकटोक दौड़ रहे हैं।

सिर्फ चौक-चोराहों पर ट्रैफिक कंट्रोल
फेस्टिवल सीजन में स्थानीय पुलिस की मदद के लिए होमगार्ड की सेवाएं ली जाती हैं। फिलहाल शहर में ऐसा सिर्फ मेन चौक व चौराहों पर किया जा रहा है, किंतु जाम का कारण बनने वाले रेलवे रोड और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर ऐसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। ।

सड़कों पर दुकानदारों का कब्जा
नगर निगम की नाक तले प्रमुख मार्ग अतिक्रमण से अटे पड़े हैं, मानों फुटपाथ से लेकर सड़कों के किनारे तक दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा हो। खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों के आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से अधिकतर सड़कें सिकुड़ गई हैं। ऐसे में सड़कों पर वाहनों में चलना तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।

रामपुरा कॉलोनी के रवि शर्मा ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि फेस्टिवल व मैरिज सीजन को लेकर खास नीति बनाए। इसमें अधिक जाम वाले मार्गों से चारपहिया व भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाना चाहिए।

शास्त्री कॉलोनी के राजेश स्याल ने कहा कि बाजार में कोई सामान लेकर आना मुसीबत मोल लेने के बराबर है। फुटपाथ पर अतिक्रमण व सड़के किनारे खड़े बेतरतीब वाहनों से तंग सड़कों पर जाम की दिक्कत आम हो गई है। इस बीच मिनटों के सफर में भी आधा घंटा लग रहा है।

मॉडल टाउन के नरेश कुमार ने कहा कि प्रशासन को अतिक्रमण को हटाकर शहर में पार्किंग का विकल्प ढूंढना चाहिए। तंग मार्गों को चिह्नित कर पेड पार्किंग की सुविधा हो, चूंकि सड़क किनारे वाहन खड़ा करते वक्त भी उसके चोरी होने का भय बना रहता है।  

फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर तैयारी पूरी है और कर्मियों की ड्यूटियां लगाने के साथ दुकानदारों को हिदायत जारी कर दी गई है। जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

डॉ. अरविंद बालियान, ईओ, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें