फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समझौता लागू नहीं होने पर लघु सचिवालय में गरजे किसान

Sat, 31 Oct 2015 12:13 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पॉप्लर रेट और लक्कड़ मंडी में लकड़ी बेचने में आ रही दिक्कतों को लेकर हुए समझौते को लागू करवाने के लिए किसानों ने सख्त रुख अपना लिया है। किसानों ने शुक्रवार को मानकपुर मंडी में महापंचायत कर रोड जाम करने की चेतावनी दी। प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया।
विज्ञापन


महापंचायत के बाद किसानों ने लघु सचिवालय में जमकर प्रदर्शन किया। एडीसी को ज्ञापन देकर समझौता लागू करवाने की मांग की। आंदोलन को लेकर किसान तीन नवंबर को किसान भवन में रणनीति तैयार करेंगे।

भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को सुबह मानकपुर लक्कड़ मंडी में किसान महापंचायत हुई। इसमें भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले भी काफी संख्या में किसान पहुंचे। महापंचायत संघ के प्रदेशाध्यक्ष ओम सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। किसान नेताओं ने किसानों व प्लाइवुड फैक्ट्रियों के बीच आठ अक्तूबर को हुए समझौते को लागू करवाने की मांग की।
विज्ञापन


संघ के प्रदेशाध्यक्ष ओमसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में पॉप्लर के दामों में भारी गिरावट आई है। इसी संदर्भ में पिछले दिनों किसान नेताओं ने आंदोलन कर प्लाइवुड फैक्ट्रियों, आढ़तियों व किसानों के बीच समझौता करवाया था, लेकिन अब तक उसे अमलीजामा नहीं पहनाया गया है।

किसानों यहां से लघु सचिवालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। डीसी के न मिलने पर एडीसी डा. सतबीर सैनी को ज्ञापन दिया। वहीं चेतावनी दी कि यदि सात दिन तक समझौते में मानी गई मांगों को लागू नहीं किया गया तो वे सड़क पर जाम लगाएंगे।

मौके पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रतन सिंह देवधर, जिला प्रधान रामबीर चौहान,  विकास राणा, नीरज गोस्वामी, पिंटू खानपुर, भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रधान गुरमुख सिंह मौजूद रहे।

ब्लाक स्तर पर कमेटियों का गठन
संघ के जिलाध्यक्ष रामबीर ने बताया कि मांगों को पूरा करवाने को लेकर ब्लाक स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है। जगाधरी से विक्रम सिंह व अशोक कुमार, छछरौली से बलजीत व मनमोहन, रादौर से विजय मेहता, जसपाल, धर्मवीर, बिलासपुर से रोशन, महेंद्र व चमनलाल तथा मुस्तफाबाद से नीरज गोस्वामी, सुखविंदर व राजकुमार को कमेटी सदस्यों में शामिल किया गया है। इन कमेटियों की बैठक तीन नवंबर को किसान भवन में आयोजित की जाएगी जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

इन मांगों पर बनी थी सहमति  
पॉप्लर के रेट सहित विभिन्न मांगों को लेकर आठ अक्तूबर को पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस जगाधरी में किसानों, आढ़तियों व फैक्ट्री संचालकों के बीच त्रिपक्षीय बातचीत हुई थी। इसमें विधानसभा स्पीकर चौ. कंवरपाल व यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी मौजूद रहे थे। मीटिंग में लंबी जद्दोजहद के बाद तीन मांगों पर सहमति बनी थी जिसमें आढ़ती किसान से कमीशन नहीं लेंगे। आढ़ती को कमीशन खरीददार देगा। किसान से माल पर कोई काट नहीं ली जाएगी। साथ ही खरीददार किसान को जे-फार्म या पक्का बिल देगा। पॉप्लर के भाव में दस प्रतिशत बढ़ोतरी की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें