जगाधरी। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित व्यासपुर खंडस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो आयु वर्गों में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन दून इंटरनेशनल स्कूल में किया गया था।
न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल की अंडर-14 लड़कों की टीम और अंडर-19 लड़कों की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल और टीम भावना का परिचय दिया, जिसकी सराहना उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों ने भी की। प्रतियोगिता में स्कूल की टीम ने कोच सोनिया राजपूत और कोच राजेश कुमार के नेतृत्व में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता से लौटने पर स्कूल परिसर में खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। प्राचार्या मोनिका कश्यप ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और अब सभी की नजरें आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन पर टिकी हैं।