फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रक ने मारी टक्कर, गोद से उछलकर दो दिन की बच्ची सड़क पर गिरी, टायर के नीचे आने से मौत

Sat, 24 Aug 2019 01:22 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, यमुना नगर (हरियाणा)
विज्ञापन
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

शादी के डेढ़ साल बाद जन्मी दो दिन की नवजात बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा जगाधरी के रक्षक विहार नाके के पास हुआ। हादसे के समय परिजन अस्पताल से छुट्टी करवाने के बाद जच्चा-बच्चा को बाइक पर घर लेकर जा रहे थे। बच्ची अपनी नानी की गोद में थी।

विज्ञापन


ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी तो बच्ची उछल कर सड़क पर गिर गई और ट्रक उसे कुचलता हुआ निकलता गया। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की। बच्ची के जन्म पर परिवार ने बेटे की तरह उसकी खुशी मनाई थी। लेकिन बच्ची की मौत से खुशियां गम में बदल गई। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

तेली माजरा निवासी सबराती ने बताया कि उसके भतीजे अमीर खान की शादी करीब डेढ़ साल पहले रसीदा से हुई थी। 21 अगस्त की रात को रसीदा पर जगाधरी सिविल अस्पताल में एक बेटी हुई थी। जच्चा-बच्चा के स्वस्थ होने पर शुक्रवार सुबह दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एंबुलेंस के लिए फोन किया तो कंट्रोल रूम से उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा। एंबुलेंस न आने पर अमीर अपनी पत्नी व नवजात बच्ची व अपनी सास जैतुन को बाइक पर लेकर अपने घर के लिए चल दिए। सबराती ने बताया कि अमीर बाइक चला रहा था, बीच में उसकी पत्नी व पीछे उसकी सास बैठी हुई थी।
विज्ञापन


नवजात बच्ची अमीर खान की सास जैतुन की गोद में थी। जब वे बाइक पर रक्षक विहार नाका के पास पहुंचे पीछे से तेज गति से एक ट्रक आया। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पर पर पीछे बैठी जैतून बच्ची समेत सड़क पर गिर गई। जैतून के गिरते ही छोटी बच्ची उछल की सड़क पर गिर गई।

विज्ञापन

बच्ची के गिरते ही ट्रक का अगला टायर उसे कुचलता हुआ निकल गया। इससे नवजात बच्ची की मौके पर मौत हो गई। हादसे में अमीर खान की सास को काफी चोटें लगी। जबकि अमीर व उसकी पत्नी रसीदा को मामूली चोटें आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया।

बेटे की तरह मनाई थी बच्ची की खुशी, एक दिन बाद ही मातम
शादी से करीब डेढ़ साल बाद रसीदा के पास बुधवार रात को बच्ची ने जन्म लिया था। जब बच्ची का जन्म हुआ था तो उसके परिजनों ने उसकी खुशी बेटे की तरह मनाई। अमीर खान ने अस्पताल में मिठाई बांटी थी। अमीर का कहना था कि उसकी बेटी नहीं बेटा है। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बेटी की वे आज खुशी मना रहे है, कल उसकी मौत हो जाएगी। हादसे में ट्रक ने जैसे ही बच्ची को कुचला, तो उसके पिता, मां व नानी की भी चीख निकल पड़ी और बुरी तरह विलाप करने लगे। ट्रक से कुचला हुए दुधमुही बच्ची का शव देख उसकी मां बेहोश हो गई।

जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस के लिए करना पड़ता है इंतजार
सरकार की ओर से गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में लेकर आने व डिलीवरी के बाद घर छोड़कर आने की निशुल्क सुविधा दी गई है। लेकिन डिलीवरी के बाद इस सुविधा का लाभ लेने के लिए जच्चा-बच्चा का लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार घंटों इंतजार के बाद एंबुलेंस मिलती है। यदि जच्चा-बच्चा को तत्काल एंबुलेंस सुविधा मिलती तो शायद आज अमीर की नवजात बच्ची की मौत नहीं होती।

एंबुलेंस के लिए कंट्रोल रूम में फोन कर दिया गया था। एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही परिवार जच्चा व बच्चा को बाइक पर ले गया। घायल व मरीजों को अस्पताल में आने वालों को एंबुलेंस सुविधा की प्राथमिकता दी जाती है। घर पर ड्रॉप के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन परिवार इंतजार किए बिना उन्हें बाइक पर ले गया। - डा. विजय दहिया, चिकित्सा अधीक्षक, सिविल अस्पताल यमुनानगर।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश जारी है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - मुकेश कुमार, एसएचओ, थाना शहर जगाधरी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें