संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डेयरी संचालक अमादलपुर निवासी फुरकान के घर से एक लाख रुपये चोरी करने के आरोप में पुलिस ने उसके भतीजे फरमान उर्फ मटरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से रुपये बरामद कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
स्पेशल सेल इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि आरोपी को गुप्त सूचना पर पश्चिमी यमुना नहर अमादलपुर पुल के पास से काबू किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करने का खुलासा किया। अमादलपुर निवासी फुरकान ने बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी मुकारमपुर गांव के अड्डे पर दूध की डायरी है। शाम करीब छह बजे वह घर से नमाज अदा करने गांव की मस्जिद में चला गया था। करीब आधे घंटे बाद वह घर आया तो उसकी पत्नी आसमां ने उसे बताया कि जब वह घर के बाहर काम कर रही थी तो उसका भतीजा फरमान घर के अंदर से बाहर भागता हुआ निकला। जब वह अंदर गई तो घर में रखी अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जिसके अंदर से एक लाख रुपये की नकदी गायब थी। आरोप है कि उसके भतीजे ने उनकी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसके अंदर से एक लाख रुपये चोरी किए।