संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में पकड़ी अवैध यूरिया खाद को वैध दिखाने के मामले में अदालत ने फैक्ट्री मालिक अंकुर गोयल व उसके कर्मचारी अनीश गर्ग की जमानत को खारिज कर दिया। वहीं खाद डीलर सुमित की जमानत याचिका को मंजूर कर लिया गया। स्पेशल सेल की टीम अब जल्द ही आरोपी फैक्ट्री मालिक व उसके कर्मचारी को गिरफ्तार करेगी। मामले में अब तक आरोपी डीलर सुमित व किसान सेवा केंद्र के संचालक भूखड़ी निवासी ब्रजेश कुमार उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि कृषि विभाग के गुण नियंत्रण निरीक्षण डाॅ. बलबीर सिंह भान, यूट्यूबर मोहित वर्मा व दुसानी निवासी धर्मेंद्र की नियमित जमानत मिल चुकी है। स्पेशल सेल के इंचार्ज राजेश राणा का कहना है कि जल्द ही फैक्ट्री मालिक अंकुर गोयल व अनीश गर्ग को गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया जाएगा।
बता दें कि सदर जगाधरी पुलिस को पांच फरवरी को सूचना मिली थी कि मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में जा रही यूरिया खाद की ट्रॉली पकड़ी हुई है। इस सूचना पर सदर जगाधरी थाना पुलिस ने मौके पर जाकर खाद से भरी ट्रॉली को कब्जे में लिया था। सदर जगाधरी पुलिस ने जांच अधिकारी एएसआई उधम सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि खाद से भरी ट्रॉली पकड़ने की सूचना पर वह सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश व अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। चालक मौके से गायब मिला। सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मौके पर बुलाया। लेकिन कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर ट्रैक्टर -ट्राली को थाने में लाकर खड़ा कर दिया था। वहीं पुलिस ने इसकी रपट लिख दी थी। अगले दिन गुण नियंत्रण निरीक्षक बलबीर सिंह थाने में पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर चालक के बयान और अपनी रिपोर्ट पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस जांच करने के लिए मानकपुर पहुंची। जांच में पता चला कि कृषि विभाग के गुण नियंत्रक निरीक्षक बलबीर सिंह, यूट्यूबर और फैक्ट्री मालिक मिलीभगत कर महंगे दाम पर यूरिया सप्लाई करते हैं। वहीं फर्जी बिल और फर्जी ट्रैक्टर चालक के बयान लेकर बलबीर सिंह ने फर्जी रिपोर्ट बनाई गई। इसके लिए फैक्ट्री संचालक से दो लाख रुपये लिए थे। इनमें से मामले को दबाने के लिए 50 हजार रुपये मौके पर आए यूट्यूबर को दिए गए थे। मामले का खुलासा होने पर आठ फरवरी को पुलिस ने आरोपी गुणवत्ता नियंत्रक डा. बलबीर को नामजद करते हुए अन्य पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।
स्पेशल सेल के इंचार्ज राजेश राणा का कहना है कि जल्द ही फैक्ट्री मालिक अंकुर गोयल व अनीश गर्ग को गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।